खास बातें
- एलएंडटी इंफोटेक ने विनाशकारी भूकम्प और सुनामी से तबाह जापान से बुधवार को अपने सभी 160 कर्मचारियों को निकालने का आदेश दिया।
मुंबई: एलएंडटी इंफोटेक ने विनाशकारी भूकम्प और सुनामी से तबाह जापान से बुधवार को अपने सभी 160 कर्मचारियों को निकालने का आदेश दिया। कम्पनी के प्रवक्ता के मुताबिक कम्पनी ने किंगफिशर एयरलाइंस की एक उड़ान बुक कर ली है, जो टोक्यो के नरिता हवाईअड्डे से गुरुवार शाम उड़ान भरेगी और अगले दिन चेन्नई पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जापान में कम्पनी की दो इकाइयां एक टोक्यो और एक योकोहामा में चल रही हैं। दोनों इकाइयों के कर्मचारियों को अस्थायी तौर पर वापस बुलाया जा रहा है। इलेक्ट्रोनिक्स में विशेषज्ञता रखने वाली इन दोनों इकाइयों की स्थापना तकरीबन चार साल पहले हुई थी। शुक्रवार के विनाशकारी भूकम्प और फिर सुनामी की चपेट में आने तथा अब जापान तीन परमाणु रिएक्टरों के क्षतिग्रस्त होने के बाद परमाणु विकिरण की समस्या से जूझ रहा है। मंगलवार को विप्रो, टीसीएस और दूसरी अनेक कम्पनियों ने भी कहा था कि वे अपने कर्मचारियों को जापान से बाहर निकालना चाहती हैं।