खास बातें
- इस दौरान आयात भी एक साल पहले इसी माह की तुलना में 42.2 प्रतिशत बढ़कर 36.9 अरब डॉलर रहा और इस माह के लिए व्यापार घाटा 7.7 अरब डॉलर रहा।
New Delhi: पश्चिमी बाजारों में मांग बढ़ने से भारत का निर्यात जून माह में 46.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 29.2 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान आयात भी एक साल पहले इसी माह की तुलना में 42.2 प्रतिशत बढ़कर 36.9 अरब डॉलर रहा और इस माह के लिए व्यापार घाटा 7.7 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने संवाददाताओं को बताया कि निर्यात के लिए 29.2 अरब डॉलर का आंकड़ा काफी बड़ा है। लगभग सभी क्षेत्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल-जून 2011-12 की अवधि में निर्यात 45.7 प्रतिशत बढ़कर 79 अरब डॉलर, जबकि आयात 36.2 प्रतिशत बढ़कर 110.6 अरब डॉलर रहा। इसी तरह मौजूदा वित्तवर्ष की पहली तिमाही में व्यापार घाटा 31.6 अरब डॉलर रहा। आलोच्य अवधि में अभियांत्रिकी, पेट्रोलियम उत्पाद, रत्न एवं आभूषण, रेडीमेड कपड़े तथा इलेक्ट्रानिक्स आदि क्षेत्रों का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा।