खास बातें
- रिजर्व बैंक के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जून माह में देश की सेवाओं के निर्यात से प्राप्तियां 11.04 अरब डॉलर रही थीं।
Mumbai: भारत से सेवाओं का निर्यात जुलाई माह में जून की तुलना में 5.8 प्रतिशत घटकर 10.40 अरब डॉलर रह गया है। भारतीय रिजर्व बैंक के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जून माह में देश की सेवाओं के निर्यात से प्राप्तियां 11.04 अरब डॉलर रही थीं। जुलाई में सेवाओं का आयात भी 18.2 प्रतिशत घटकर 5.89 अरब डॉलर रह गया। यह जून में 7.20 अरब डॉलर रहा था। देश के सकल घरेलू उत्पाद में सेवा क्षेत्र का योगदान 50 प्रतिशत से अधिक है। चालू वित्तवर्ष के पहले चार माह अप्रैल से जुलाई में देश का कुल सेवाओं का निर्यात 44.74 अरब डॉलर का रहा है। वहीं इस दौरान सेवाओं का आयात 27.07 अरब डॉलर का रहा। रिजर्व बैंक ने हाल में भारत के सेवाओं के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर शुरुआती मासिक आंकड़े जारी करने शुरू किए हैं। पहली बार अप्रैल, 2011 के आंकड़े 15 जून को जारी किए गए। इन शुरुआती आंकड़ों में भुगतान संतुलन (बीओपी) के तिमाही आधार पर जुटाए जाने वाले आंकड़ों के आने के बाद संशोधन किया जाएगा।