यह ख़बर 18 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 9.03 प्रतिशत पर पहुंची

खास बातें

  • खाद्य मुद्रास्फीति की दर छह अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान घटकर 9.03 प्रतिशत पर आ गई है। इससे पिछले सप्ताह यह 9.90 प्रतिशत थी।
New Delhi:

खाद्य मुद्रास्फीति की दर छह अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान घटकर 9.03 प्रतिशत पर आ गई है। इस दौरान सालाना आधार पर दालों को छोड़कर अन्य सभी वस्तुओं के दाम पिछले साल की तुलना में ऊंचे बने हुए थे। थोक मूल्य सूचकांक आधारित खाद्य मुद्रास्फीति इससे पिछले सप्ताह 9.90 प्रतिशत थी। पिछले साल इसी दौरान मुद्रास्फीति 14.51 प्रतिशत थी। जारी सरकारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, सालाना आधार पर दालें 5.63 प्रतिशत सस्ती हुई हैं। हालांकि अन्य सभी खाद्य वस्तुएं महंगी हुई हैं। सालाना आधार पर इस दौरान प्याज 37.62 प्रतिशत महंगा हुआ, जबकि फलों के दाम इस दौरान 26.46 प्रतिशत बढ़े। वहीं अंडा, मांस और मछली के दाम 9.93 प्रतिशत बढ़े, जबकि साल दर साल आधार पर दूध 9.76 प्रतिशत महंगा हुआ। मोटे अनाज तथा सब्जियों के दामों में क्रमश: 6.23 प्रतिशत और 2.59 फीसद का इजाफा हुआ। आलू के दामों में इस दौरान 7.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही। खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट की एक वजह साप्ताहिक आधार पर विभिन्न वस्तुओं की कीमतों में कमी आना है। इससे पिछले 30 जुलाई को समाप्त सप्ताह में सालाना आधार पर सब्जियों, आलू, दूध, अंडे, मांस और मछली के दाम कहीं अधिक थे। पिछले साल के आधार प्रभाव की वजह से भी खाद्य मुद्रास्फीति का आंकड़ा घटा है। पिछले साल इस सप्ताह के दौरान खाद्य मुद्रास्फीति 14 प्रतिशत से अधिक थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com