खास बातें
- जुलाई के मध्य में 20 महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंचने के बाद खाद्य मुद्रास्फीति 23 जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान बढ़कर 8. 04% पर पहुंच गई।
New Delhi: जुलाई के मध्य में 20 महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंचने के बाद खाद्य मुद्रास्फीति 23 जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान बढ़कर 8. 04 फीसद पर पहुंच गई। थोक मूल्य सूचकांक के पैमाने पर आंकी जाने वाली खाद्य मुद्रास्फीति, पिछले सप्ताह नवंबर 2009 से लेकर अब तक के न्यूनतम स्तर पर थी। जुलाई 2010 की समीक्षाधीन अवधि में खाद्य पदार्थों की महंगाई दर 16. 27 फीसद थी। आज जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक उक्त अवधि में सालाना स्तर पर प्याज की कीमत में 26. 36 फीसद का इजाफा हुआ जबकि फल 15. 97 फीसद मंहगे हुए। दूध की कीमत साल दर साल के आधार पर 10. 26 फीसद बढ़ी जबकि सब्जियां 10. 20 फीसद मंहगी हुई। इसके अलावा अनाज की कीमत 5. 13 फीसद बढ़ी, आलू 7. 85 फीसद और अंडे, मांस व मछली 6. 66 फीसद मंहगे हुए। हालांकि दाल सालाना स्तर पर सात फीसद सस्ती हुई। लगातार दो हफ्ते मुद्रास्फीति दर में गिरावट में होने और आठ फीसद के स्तर से नीचे रहने के बाद इस बार खाद्य मुद्रास्फीति के ताजा आंकड़ों में वृद्धि हुई है। कुल मिलाकर 23 जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान प्राथमिक उत्पादों की कीमत 10.99 फीसद बढ़ी जो पिछले सप्ताह 10. 49 फीसद थी। थोक मूल्य सूचकांक में प्राथमिक उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 20 फीसद है। हालांकि गैर खाद्य उत्पादों की मंहगाई दर घटकर 15. 60 फीसद रह गई जो पिछले सप्ताह 16. 05 थी। गैर खाद्य उत्पादों में फाईबर, तिलहन और खनिज पदार्थ शामिल हैं। इधर, ईधन और उर्जा क्षेत्र की मंहगाई दर पिछले सप्ताह के बराबर 12. 12 फीसद रही।