खास बातें
- खाद्य मुद्रास्फीति के 14.4 प्रतिशत की ऊंचाई पर पहुंचने से चीन की मुख्य मुद्रास्फीति दर तीन साल के उच्चतम स्तर 6.4 प्रतिशत पर पहुंच गई।
बीजिंग: खाद्य मुद्रास्फीति के 14.4 प्रतिशत की ऊंचाई पर पहुंचने से चीन की मुख्य मुद्रास्फीति दर तीन साल के उच्चतम स्तर 6.4 प्रतिशत पर पहुंच गई। इससे नौकरीपेशा वर्ग की चिंताएं बढ़ गई हैं। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के अनुसार देश का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) साल-दर-साल के हिसाब से जून में बढ़कर 6.4 प्रतिशत पर पहुंच गया, यह आंकडा जून 2008 के बाद सर्वाधिक है। एनबीएस ने कहा कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में हुई 6.4 प्रतिशत की वृद्धि में पिछले साल हुई मूल्य वृद्धि का असर भी शामिल है, पिछले साल की मूल्य वृद्धि का इसमें 3.7 प्रतिशत अंक का योगदान रहा है। सीपीआई में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी रखने वाली खाद्य मुद्रास्फीति में इस दौरान पिछले साल जून के मुकाबले 14.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मई में खाद्य मुद्रास्फीति में 11.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। गैर-खाद्य पदार्थों के दामों में भी तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो कि मई के 2.9 प्रतिशत से अधिक है।