यह ख़बर 22 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य मुद्रास्फीति गिरकर 8.84 फीसद पर पहुंची

खास बातें

  • खाद्य मुद्रास्फीति 10 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान गिरकर 8.84 फीसद पर आ गई जो पिछले सप्ताह 9.47 फीसद दी।
New Delhi:

खाद्य मुद्रास्फीति 10 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान गिरकर 8.84 फीसद पर आ गई जो पिछले सप्ताह 9.47 फीसद दी लेकिन इससे आम आदमी को कोई राहत नहीं मिली क्योंकि मुख्य जिंसों की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। सरकार द्वारा आज जारी थोकमूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित खाद्यमुद्रास्फीति के आंकड़ों के मुताबिक गेंहू को छोड़कर ज्यादातर जिंसों की कीमतें एक साल पहले की तुलना में महंगी रहीं। विशेषज्ञों के मुताबिक साप्ताहिक आधार पर खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट आंकड़ों का भ्रम है क्योंकि यह गिरावट तुलना के ऊंचे आधार का प्रभाव है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल इसी दौरान खाद्य मुद्रास्फीति 16 फीसद से ऊपर चल रही थी। आंकड़े के मुताबिक गेंहू की कीमतें समीक्षाधीन सप्ताह में पिछले साल की तुलना में 2.72 फीसद कम रहीं। हालांकि इसी दौरान प्याज 29 फीसद और आलू 13.78 फीसद तथा सब्जियों के औसत भाव 12.13 फीसद महंगे रहे। दूध की कीमत में भी एक वर्ष पूर्व इसी दौर की तुलना में 10.38 फीसद का इजाफा हुआ जबकि फल 17.67 फीसद अंडे, मांस और मछली की कीमतें सालना आधार पर 9.28 फीसद ऊंची रहीं। सालना आधार पर अनाज 4.13 फीसद मंहगे रहे। दालें यदि हाल के महीनों में नरम चल रही थीं पर 10 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान इनके दाम पिछले साल से 1.49 फीसद ऊपर थे। दस सितंबर को समापत सप्ताह के दौरान प्राथमिक उत्पादों की मुद्रास्फीति 12.17 फीसद थी जो इसके पिछले सप्ताह 13.04 फीसद थी। खाद्य मूल्य सूचंकांक में प्राथमिक उत्पादों में का भारांश 20 फीसद है। गैर खाद्य उत्पाद की महंगाई दर, जिनमें फाइबर, तिलहन व खनिज शामिल हैं, इसी दौरान 17.42 फीसद रही जो तीन सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 18.49 फीसद थी। ईंधन और बिजली वर्ग की मुद्रास्फीति 10 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान बढ़कर 13.96 फीसद हो गई जो हफ्ता भर पहले 13.01 फीसद थी। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा गिरावट के बावजूद खाद्य कीमत पर दबाव बना रहेगा और सरकार तथा रिजर्व बैंक को सतर्क रहना पड़ेगा। रिजर्व बैंक ने मांग और मुद्रास्फीति पर लगाम लगाने के लिए मार्च 2010 से लेकर अब तक रिण दरों में 12 बार बढ़ोतरी की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com