यह ख़बर 25 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

चार यूरोपीय देशों से मुक्त व्यापार समझौता होगा : शर्मा

खास बातें

  • भारत और चार सदस्यों वाले यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के बीच व्यापक मुक्त व्यापार और निवेश समझौता इसी साल होने की उम्मीद है।
बासेल :स्विट्जरलैंड::

भारत और चार सदस्यों वाले यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ :ईएफटीए: के बीच व्यापक मुक्त व्यापार और निवेश समझौता इसी साल होने की उम्मीद है। ईएफटीए में स्विट्जरलैंड, आइसलैंड, लीकटेंस्टाइन और नार्वे शामिल हैं। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने बताया इस समझौते के लिए सात दौर की बातचीत हो चुकी है और समझौते की दिशा में प्रगति हो रही है। शर्मा ने कहा, मुझे उम्मीद है कि के अंदर दोनों पक्ष कुछ ठोस पेशकश करने की स्थिति में आ जाएंगे। शर्मा यहां दुनिया की प्रमुख घड़ी और आभूषण प्रदर्शनी बासेल वर्ल्ड 2011 में भारत के पवेलियन का उद्घाटन करने आए हैं। उन्होंने 27 देशों के यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार व्यवस्था के लिए चल रही बातचीत का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत वृहद मुक्त व्यापार समझौते के तहत समूचे यूरोप को अपने साथ जोड़ेगा। मंत्री ने कहा कि स्विट्जरलैंड के आर्थिक मंत्री जोहान श्नाइडर अम्मान के साथ बर्न में होने वाली बैठक में ईएफटीए के साथ मुक्त व्यापार समझौते की प्रगति पर चर्चा होगी। ईएफटीए सदस्य 27 देशों के यूरोपीय संघ का हिस्सा नहीं हैं। शर्मा ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता पूरा होने के बाद द्विपक्षीय व्यापार में अच्छा खासा इजाफा होगा। 2010 में भारत और स्विट्जरलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार 18 अरब डॉलर का रहा है। इससे पिछले साल यह 15 अरब डालर का रहा था। स्विट्जरलैंड भारत को मशीनों, फार्मास्युटिकल तथा रसायन उत्पादों का निर्यात करता है। वहीं वह भारत से कपड़ा, कृषि उत्पाद तथा एयरलाइन उद्योग के लिए कलपुर्जों का आयात करता है। भारत में स्विट्जरलैंड की 170 कंपनियां कामकाज कर रही हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com