खास बातें
- औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में अप्रैल महीने में तेज गिरावट दर्ज की गई है और यह एक साल पहले के 16.6 फीसदी की तुलना में 4.4 फीसदी रही।
New Delhi: औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में इस साल अप्रैल महीने में तेज गिरावट दर्ज की गई है और यह एक साल पहले के 16.6 फीसदी की तुलना में 4.4 फीसदी रही। सरकार ने 2004-05 को आधार वर्ष मानते हुए अप्रैल, 2011 के आंकड़ों के साथ शुक्रवार को एक नई शृंखला जारी की, जिसके तहत औद्योगिक वृद्धि इस साल अप्रैल महीने में 6.3 फीसदी रही। विनिर्माण तथा खनन क्षेत्र में गिरावट के कारण औद्योगिक वृद्धि कम रही है। 1993-94 आधार वर्ष पर आधारित पुरानी शृंखला के तहत औद्योगिक वृद्धि पिछले साल के समान महीने में 16.6 प्रतिशत थी। इस बीच, मार्च महीने में औद्योगिक वृद्धि के आंकड़े को संशोधित किया गया है, जिसके तहत यह 7.8 प्रतिशत हो गई, जबकि पूर्व में इसके 7.3 फीसदी रहने की बात कही गई थी। पुरानी शृंखला के अनुसार औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में करीब 80 प्रतिशत भारांश रखने वाला विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर अप्रैल महीने में 4.4 फीसदी रही जो एक वर्ष पूर्व इसी महीने में 18 प्रतिशत थी। खनन क्षेत्र की वृद्धि दर में भी गिरावट दर्ज की गई है। इस क्षेत्र की वृद्धि महज 2.1 प्रतिशत रही, जो 2010 के अप्रैल महीने में 12 प्रतिशत थी। बिजली उत्पादन की वृद्धि इस साल अप्रैल महीने में 6.4 प्रतिशत रही, जो पिछले साल के समान महीने में 6.9 प्रतिशत थी। पूंजीगत वस्तुओं के उठाव में कमी एक और चिंता का विषय है। इस क्षेत्र की वृद्धि आलोच्य महीने में केवल 2.5 फीसदी रही, जो पिछले साल अप्रैल महीने में 64.1 प्रतिशत थी। कुल मिलाकर उपभोक्ता वस्तु क्षेत्र की वृद्धि अप्रैल महीने में 5.9 फीसदी रही, जो इससे पूर्व साल के इसी महीने में 11.9 प्रतिशत थी।