खास बातें
- बजट में वातानुकूलित अस्पतालों में इलाज खर्च एवं डायग्नोस्टिक चेकअप बिल पर सेवाकर लगाने के प्रस्ताव को सरकार ने वापस लेने का संकेत दिया है।
New Delhi: बजट में 25 पलंग वाले वातानुकूलित अस्पतालों में इलाज खर्च एवं डायग्नोस्टिक चेक.अप बिल पर सेवाकर लगाने के प्रस्ताव को सरकार ने वापस लेने का संकेत दिया है। राजस्व सचिव सुनील मित्रा ने यहां कहा, हम वातानुकूलित 25 पलंगों वाले अस्पतालों में इलाज पर सेवाकर लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर सकते हैं। हम चर्चा कर सकते हैं कि मलेरिया से पीड़ित एक व्यक्ति को खून की जांच कराने के लिए क्या सेवा कर देना चाहिए। यहां उद्योग मंडलों के साथ चर्चा में हिस्सा लेने आए मित्रा ने कहा, स्वास्थ्य सेवाओं पर सेवाकर लगाने का मूल अर्थ महंगे इलाज से है। वर्ष 2011-12 के लिए आम बजट पेश करते समय वित्त मंत्री ने उन सभी अस्पतालों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं पर सेवाकर लगाने का प्रस्ताव किया था जिनमें 25 या इससे अधिक पलंग हैं और वे पूरी तरह से वातानुकूलित हैं। मित्रा ने कहा कि प्रस्तावित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के लिए की जा रही तैयारी में कई और सेवाओं को कराधान के दायरे में लाया जा रहा है। इस बीच, वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं सेवाएं सरकार के लिए दो प्राथमिकता वाले क्षेत्र बने हुए हैं। शिक्षा मूलरूप से राज्य का मामला है। हम इस मामले को उनके पास ले जाएंगे और कैसे आबंटन बढ़ाया जाए, इस पर उनसे चर्चा करेंगे।