यह ख़बर 17 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

करीब 58 हजार सिटी सेडान कारों को वापस लेगी होंडा

खास बातें

  • एचएससीआई ने कहा कि वह देश में अपनी मध्य श्रेणी की 57,853 सेडान सिटी कारों की इंजन की खराबी को दूर करने के लिए उन्हें वापस लेगी।
नई दिल्ली:

जापानी वाहन कम्पनी होंडा की भारतीय इकाई होंडा सिएल कार्स इंडिया (एचएससीआई) ने गुरुवार को कहा कि वह देश में अपनी मध्य श्रेणी की 57,853 सेडान सिटी कारों की इंजन की खराबी को दूर करने के लिए उन्हें वापस लेगी। कम्पनी के मुताबिक खराब इंजनों की बदली सिर्फ नवम्बर 2008 से दिसम्बर 2009 के बीच बनी नई तीसरी पीढ़ी की सिटी मॉडल की कारों में ही की जाएगी। कम्पनी ने एक बयान में कहा कि इंजन के खराब हिस्से (लॉस्ट मोशन स्प्रिंग) के कारण इंजन में शोर अधिक होता है और उसके बंद होने की भी शिकायत आ सकती है। कम्पनी सेडान के इंजन के वाल्व ट्रेन में लगे स्प्रिंग को मुफ्त में बदलेगी। कम्पनी इंजन की खराबी को दूर करने के लिए खुद इन कारों के मालिकों से सम्पर्क करेगी। होंडा ने इंजन की खराबी को दूर करने के लिए दुनिया भर में अपने फ्रीड, फिट और सिटी मॉडल की 6,93,497 कारों को वापस लेने की घोषणा की है। कम्पनी ने कहा कि यह वापसी उसकी हैचबैक कार मॉडल 'जाज' के लिए लागू नहीं है, क्योंकि इस मॉडल की भारत में बिक्री नहीं की गई है। दूसरे देशों में इस मॉडल पर भी वापसी लागू है। बयान में कहा गया है कि फिट या जाज मॉडल की उन्हीं कारों को वापस लिया जा रहा है, जिनमें 1.5 लीटर की आई-वीटीईसी इंजन लगी है। ये कारें दूसरे देशों में बेची गई हैं, लेकिन भारत में नहीं बेची गई हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com