खास बातें
- देश में किसानों को ऋण से उबारने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए उठाए गए तमाम कदमों के बावजूद 48.6% किसान परिवार ऋणग्रस्त हैं।
New Delhi: देश में किसानों को ऋण से उबारने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए सरकारी स्तर पर उठाए गए तमाम कदमों के बावजूद 48.6 प्रतिशत किसान परिवार ऋणग्रस्त हैं। कृषि मंत्री शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि किसान परिवारों की ऋणग्रस्तता के संबंध में राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन (एनएसएसओ) की एक रिपोर्ट के अनुसार करीब 8.93 करोड़ किसान परिवारों में से करीब 4.34 करोड़ यानी (48.6 प्रतिशत) ऋणग्रस्त थे। रिपोर्ट में उन लोगों को शामिल किया गया है जिन पर 300 रुपये या उससे अधिक राशि की या जिंस संबंधी देनदारी थी। पवार ने बताया कि 2008 की कृषि ऋण माफी स्कीम के तहत 6,53,18.33 करोड़ रुपये की राशि से 3.69 करोड़ किसानों को ऋण राहत दी गई है। मंत्री ने टी सुब्बारामी रेड्डी के सवालों के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।