खास बातें
- दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव 610 रुपये की तेजी के साथ 25,840 रुपये प्रति दस ग्राम की नई ऊंचाई को छू गए।
नई दिल्ली: विदेशों में तेजी के बीच स्टाकिस्टों और निवेशकों की लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने के भाव 610 रुपये की तेजी के साथ 25,840 रुपये प्रति दस ग्राम की नई ऊंचाई को छू गए। बाजार सूत्रों के अनुसार विदेशी बाजारों में भारी उठा पटक के बीच स्टाकिस्टों और निवेशकों की लिवाली के चलते स्थानीय बाजार में सोने के भाव 26,000 रुपये प्रति दस ग्राम की ओर अग्रसर है। स्थानीय बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 610 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 25,840 रुपये और 25,720 रुपये प्रति दस ग्राम की नई ऊंचाई पर बंद हुए। गिन्नी के भाव 1200 रुपये के उछाल के साथ 21,000 रुपये प्रति आठ ग्राम की नयी ऊंचाई तक जा पहुंचे। स्टेंडर्ड एंड पुअर्स द्वारा अमेरिका की रेटिंग घटाए जाने के बाद न्यूयार्क में सोने के भाव 1774.80 डॉलर प्रति औंस की रिकार्ड ऊंचाई को छू गए। जिसका असर स्थानीय बाजार धारणा पर पड़ा। सूत्रों के अनुसार आगामी शादी-विवाह सीजन के मद्देनजर कीमतों में और तेजी आने की संभावनाओं के चलते कारोबारियों ने पूर्व लिवाली की। इससे भी बाजार धारणा मजबूत हुई। वहीं मौजूदा उच्चस्तर पर मांग घटने से चांदी में 1000 रुपये की गिरावट आई। चांदी तैयार के भाव 1000 रुपये की गिरावट के साथ 58,900 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 1380 रुपये की हानि के साथ 58,600 रुपये किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 2000 रुपये टूटकर 64000 : 65000 रुपये प्रति सैंकड़ा बंद हुए।