खास बातें
- जीएमआर एनर्जी इंडोनेशिया की कंपनी पीटी गोल्डन एनर्जी माइंस में 30 प्रतिशत का हिस्सेदारी का अधिग्रहण 55 करोड़ डॉलर के नकद सौदे में करेगी।
मुंबई: जीएमआर इन्फ्रास्ट्रक्चर की इकाई जीएमआर एनर्जी इंडोनेशिया की कंपनी पीटी गोल्डन एनर्जी माइंस में 30 प्रतिशत का हिस्सेदारी का अधिग्रहण 55 करोड़ डॉलर के नकद सौदे में करेगी। इस कदम से कंपनी की कोयला परिसंपत्ति के पोर्टफोलियो का विस्तार होगा। जीएमआर इन्फ्रास्ट्रक्चर ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा है कि जीएमआर एनर्जी ने इंडोनेशिया की कंपनी में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी की खरीद के लिए बाध्यकारी करार किया है। इस सौदे के तहत 45 से 55 करोड़ डॉलर का नकद भुगतान किया जाएगा। कंपनी ने कहा है कि इस सौदे का वित्तपोषण आंतरिक स्रोतों तथा ऋण के जरिये किया जाएगा। सौदे के तहत जीएमआर ने इंडोनेशियाई कंपनी के साथ कोयले के उठाव के बारे में भी समझौता किया है। इसके तहत वह 1 जनवरी, 2012 से 25 साल के लिए कोयले का उठाव कर सकेगी। आगामी वर्षों में कोयले के उठाव की मात्रा को धीरे-धीरे बढ़ाकर एक करोड़ टन किया जाएगा। जीएमआर एनर्जी के चेयरमैन बीपीएन राव ने कहा, पीटी गोल्डन में हिस्सेदारी का अधिग्रहण जीएमआर के ऊर्जा कारोबार के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा, इससे हमारे निर्माणाधीन संयंत्रों को ईंधन सुरक्षा मिलेगी और साथ ही इससे क्षमता विस्तार में भी मदद मिलेगी।