खास बातें
- विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बिकवाली के मूड में हैं और उन्होंने बीते सप्ताह 33.67 करोड़ डॉलर (लगभग 1,492.20 करोड़ रुपये) के शेयर बेचे।
Mumbai: विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बिकवाली के मूड में हैं और उन्होंने बीते सप्ताह 33.67 करोड़ डॉलर (लगभग 1,492.20 करोड़ रुपये) के शेयर बेचे। अमेरिका में मंदी की आशंका तथा यूरो क्षेत्र में गहराते ऋण संकट की वजह से विदेशी निवेशक इस समय घबराहटपूर्ण बिकवाली कर रहे हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह एफआईआई ने 33.67 करोड़ डॉलर के शेयर बेचे। इस अवधि (1 से 5 अगस्त) के दौरान बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स भी करीब पांच प्रतिशत लुढ़ककर 17,305.87 अंक पर आ गया। शुक्रवार को जिस समय सेंसेक्स 700 से अधिक अंक नीचे आ गया था, तो डरे विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इक्विटी के अलावा ऋण बाजार में भी बिक्री का बटन दबा दिया था। बीते सप्ताह पांच कारोबारी सत्रों में से चार दिन एफआईआई शुद्ध बिकवाल रहे। मंगलवार को वे शुद्ध खरीदार रहे। हालांकि यह आंकड़ा 3.56 करोड़ डॉलर यानी काफी नीचे रहा। आशिका स्टॉक ब्रोकर्स के अनुसंधान प्रमुख पारस बोथरा ने कहा, जब भी वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता रहती है, विदेशी कोष बिक्री का बटन दबा देते हैं। सेबी के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय शेयर बाजारों में अभी तक एफआईआई के निवेश का आंकड़ा 9,208.30 करोड़ रुपये रहा है।