गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया (Dollar vs Rupee) 82.62 के लेवल पर पर बंद हुआ था.
नई दिल्ली: Dollar vs Rupee Rate: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार, 6 जनवरी को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर (US Dollar) के मुकाबले भारतीय रुपया (Indian Rupee) 15 पैसे की तेजी के साथ 82.47 के स्तर पर पहुंच गया. घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के रुख से रुपये को समर्थन मिला है. इसको लेकर विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि विदेशी फंडों की लगातार निकासी और विदेशी बाजार में अमेरिकी करेंसी के मजबूत होने से निवेशकों की भावनाओं में बदलाव हुआ और रुपये (Rupee Rate Today) में तेजी सीमित हुई है.
आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया (Dollar vs Rupee Rate) 82.52 के लेवल पर पर खुला. हालांकि, यह कुछ देर बाद पिछले बंद भाव के मुकाबले 15 पैसे की बढ़त के साथ 82.47 पर पहुंच गया. पिछले सत्र में यानी गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया (Dollar vs Rupee) 82.62 पर बंद हुआ था.
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की कमजोरी या मजबूती की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स (Dollar Index) 0.03 प्रतिशत बढ़कर 105.07 हो गया है. वहीं, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1.22 प्रतिशत बढ़कर 79.65 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.
इसके अलावा शेयर बाजार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स फिलहाल 142.87 अंक यानी 0.24 प्रतिशत गिरकर 60,210.40 पर कारोबार कर रहा है. जबकि एनएसई निफ्टी 28.70 अंक यानी 0.16 प्रतिशत के नुकसान के साथ 17,963.45 पर पहुंच गया है.
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) गुरुवार को पूंजी बाजार में शुद्ध विक्रेता बने रहे. इस दौरान उन्होंने 1,449.45 करोड़ रुपये के भारतीय शेयरों की बिक्री की है.