देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों, यानी IIT में एडमिशन पाना अपने आप में एक बहुत बड़ी कामयाबी मानी जाती है. यहां दाखिला पाने के लिए जी एडवांस (JEE Advanced) जैसी कठिन परीक्षा को पास करना होता है. इसके बाद एंट्री मिलती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर कोई छात्र IIT (Indian Institute of Technology) में एडमिशन लेने के बाद पढ़ाई में फेल हो जाए, तो उसके साथ क्या होता है? क्या उसे कॉलेज से निकाल दिया जाता है या उसे इंप्रूव करने का कोई चांस मिलता है? इन्हीं सवालों के जवाब आगे आइए आर्टिकल में जानते हैं...
फेल होने पर निकाल दिया जाता है?
इसका जवाब है- नहीं. IIT अपने छात्रों को सीधे बाहर का रास्ता नहीं दिखाता. अगर कोई छात्र किसी सेमेस्टर में कम नंबर यानी CGPA लाता है या किसी सब्जेक्ट में फेल हो जाता है, तो उसे अपनी परफॉर्मेंस सुधारने के लिए पूरा मौका दिया जाता है.
बता दें कि जब किसी स्टूडेंट का CGPA 5.0 से कम आत है, तो उसे प्रोबेशन पर डाल दिया जाता है. इसका सीधा मतलब है कि कॉलेज प्रशासन छात्र को चेतावनी देता है और उसकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है.
कोर्स पूरा करने के लिए कितनी बार मिलता है मौका?
IIT में सामान्य तौर पर B.Tech कोर्स 4 साल का होता है. लेकिन अगर कोई छात्र किसी वजह से फेल होता है या अपनी पढ़ाई समय पर पूरी नहीं कर पाता, तो उसे कोर्स पूरा करने के लिए एक्स्ट्रा समय दिया जाता है.
ज्यादातर IITs के नियमों के मुताबिक, एक छात्र को 4 साल की डिग्री पूरी करने के लिए अधिकतम 6 से 7 साल का समय मिलता है. इस दौरान वह फेल हुए सब्जेक्ट्स यानी बैकलॉग (Backlogs) का एग्जाम देकर उन्हें पास कर सकता है. समर सेमेस्टर (Summer Semester) के जरिए भी छात्रों को बैकलॉग क्लियर करने का मौका मिलता है.
कब होती है कॉलेज से छुट्टी?
अगर तमाम मौकों, चेतावनियों और अतिरिक्त समय के बाद भी छात्र न्यूनतम पासिंग मार्क्स या जरूरी क्रेडिट्स (Credits) हासिल नहीं कर पाता, तब जाकर संस्थान बेहद कड़े कदम उठाता है.
लगातार दो या तीन सेमेस्टर तक प्रोबेशन की शर्तों को पूरा न कर पाने और अधिकतम समय सीमा (6-7 साल) खत्म हो जाने के बाद ही छात्र को IIT से ड्रॉपआउट किया जाता है.
यह भी पढ़ें- AIIMS के बाद किन मेडिकल कॉलेजों में सबसे ज्यादा एडमिशन लेते हैं छात्र? देख लीजिए लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं