खास बातें
- बैंक नए आवास एवं वाहन कर्ज पर 0.25 प्रतिशत की छूट देने के साथ प्रोसेसिंग शुल्क आधा लेगा। यह योजना 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।
Mumbai: त्योहारों के दौरान ग्राहकों को आकर्षित करने के इरादे से सार्वजनिक क्षेत्र के देना बैंक ने शुक्रवार को ऋण मेला शुरू किया। इसके तहत बैंक नए आवास एवं वाहन कर्ज पर 0.25 प्रतिशत की छूट देने के साथ प्रोसेसिंग शुल्क आधा लेगा। बैंक ने बयान में कहा कि यह योजना 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। बयान के अनुसार, देना बैंक ने नए आवास एवं कार ऋण पर घोषित ब्याज दर पर 0.25 प्रतिशत छूट देने का निर्णय किया है। ग्राहकों को और लाभ देने के लिए हमने नए कर्ज पर प्रोसेसिंग शुल्क मौजूदा एक प्रतिशत से घटाकर 0.50 प्रतिशत कर दिया है। देना बैंक की आधार दर यानी बेस रेट फिलहाल 10.70 प्रतिशत है। बैंक के एक अधिकारी ने कहा कि छूट कर्ज की मात्रा तथा अवधि पर निर्भर करेगी। बैंक फ्लोटिंग आवास ऋण पर 11.20 प्रतिशत से 12.75 प्रतिशत ब्याज दर वसूलता है, जबकि स्थिर ब्याज दर 11.50 प्रतिशत से 12.75 प्रतिशत के बीच है। अधिकारी के अनुसार तीन साल के लिए वाहन ऋण पर ब्याज दर 13.25 प्रतिशत तथा तीन साल से अधिक की अवधि के कर्ज पर ब्याज दर 13.75 प्रतिशत देय है। इन दरों पर 0.25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने भी दिसंबर तक आवास ऋण पर 0.25 प्रतिशत की रियायत दिए जाने की घोषणा की है।