खास बातें
- बंबई शेयर बाजार ने सरकार को सूचित किया है कि उसका लघु एवं मझोली इकाइयों के लिए अलग एक्सचेंज सितंबर तक शुरू करने का इरादा है।
नई दिल्ली: बंबई शेयर बाजार ने सरकार को सूचित किया है कि उसका लघु एवं मझोली इकाइयों :एसएमई: के लिए अलग एक्सचेंज सितंबर तक शुरू करने का इरादा है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उपक्रम :एमएसएमई: मंत्रालय में सचिव उदय कुमार वर्मा ने कहा, बीएसई के सीईओ ने हाल में उनसे मुलाकात की थी और बताया था कि उनका इरादा सितंबर तक यह एक्सचेंज शुरू करने का है। उन्होंने बताया कि बीएसई और नेशनल स्टाक एक्सचेंज दोनों ही अलग से एसएमई एक्सचेंज स्थापित करने की योजना पर काम कर रहे हैं। बाजार नियामक सेबी पहले ही इसकी अनुमति दे चुका है। वर्मा ने कहा कि सेबी ने इसके लिए कई तरह की रियायतें मसलन शुल्क में कमी तथा नियामक जरूरतों में कमी की है। बंबई शेयर बाजार की योजना के अनुसार जो एसएमई पहले से नियमित शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं, वे नए ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर जा सकेंगे। वर्मा ने कहा कि कई एसएमई को लगता है कि नियमित एक्सचेंजों में सूचीबद्धता महंगा सौदा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा तिमाही तुलन पत्र जैसे दस्तावेजों की जरूरत उन पर अतिरिक्त नियामकीय बोझ बन जाती हैं। वर्मा ने कहा कि नए एक्सचेंज में नियामक संबंधी जरूरतें कम होंगी। एमएसएमई सचिव ने हालांकि इस तथ्य को माना कि पूर्व में अलग एसएमई एक्सचेंज की अवधारणा को पूरा नहीं किया जा सका था।