यह ख़बर 29 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स में आया 567 अंक का जोरदार उछाल

खास बातें

  • आईटी, बैंकिंग और मेटल शेयरों में फंडों की जबर्दस्त लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 567 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ।
मुंबई:

वैश्विक बाजारों में तेजी के रुख के बीच आईटी, बैंकिंग और मेटल शेयरों में फंडों की जबर्दस्त लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 567 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 567.50 अंक की तेजी के साथ 16,416.33 अंक पर बंद हुआ। यह एक मार्च के बाद सेंसेक्स का सबसे बड़ा उछाल है। इससे पहले, सेंसेक्स एक मार्च को 623 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 171.80 अंक चढ़कर 4,919.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के उच्च स्तर 4,934.40 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स में सबसे अधिक भारांश रखने वाली आरआईएल का शेयर जहां 4.80 प्रतिशत की मजबूती के साथ 754.05 रुपये पर बंद हुआ, वहीं इन्फोसिस का शेयर 4.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,297.85 रुपये पर बंद हुआ। तेजी की अगुवाई आईटी शेयरों ने की। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख के बयान का आईटी शेयरों पर काफी सकारात्मक असर देखने को मिला। फेडरल रिजर्व के प्रमुख बेन बर्नान्के ने कहा था कि 2011 की दूसरी छमाही में अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी। उल्लेखनीय है कि आईटी कंपनियों को अपनी आय का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा अमेरिकी ग्राहकों से प्राप्त होता है। आईटी क्षेत्र का सूचकांक 5.06 प्रतिशत मजबूत होकर 4,958.90 अंक पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com