यह ख़बर 30 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

एयरपोर्ट मेट्रो का परिचालन अब डीएमआरसी करेगी

खास बातें

  • एयरपोर्ट मेट्रो का परिचालन अब दिल्ली मेट्रो (डीएमआरसी) संभाल लेगी। दिल्ली मेट्रो के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने यह जानकारी दी।
नई दिल्ली:

एयरपोर्ट मेट्रो का परिचालन अब दिल्ली मेट्रो (डीएमआरसी) संभाल लेगी। दिल्ली मेट्रो के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने यह जानकारी दी।

दयाल ने कहा, 'एयरपोर्ट एक्सप्रेस लिंक का परिचालन मध्यरात्रि से डीएमआरसी संभालने जा रही है। सुबह सवा पांच बजे से एयरपोर्ट मेट्रो की सेवाएं डीएमआरसी की निगरानी में सामान्य रूप से शुरू होंगी।'

रिलायंस इन्फ्रा के स्वामित्व वाली दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड ने 27 जून को डीएमआरसी को पत्र लिखकर कहा था कि वह एयरपोर्ट एक्सप्रेस लिंक का परिचालन करने में अक्षम है।

डीएमआरसी ने इस लाइन के परिचालन व प्रबंधन के लिए 100 अधिकारियों का एक दल बनाया है। दयाल ने कहा कि इसके अलावा अति आपात स्थिति से निपटने के लिए सात सदस्यीय कोर समिति भी बनाई गई है।

दिल्ली मेट्रो के प्रबंधन ने इसके अलावा यात्रियों से राय व सुझाव मांगने का फैसला किया है ताकि सेवाओं में और सुधार किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि रिलायंस इन्फ्रा के नोटिस को डीएमआरसी ने 28 जून को खारिज करते हुए इसे रियायती समझौते तथा मौजूदा मध्यस्थता प्रक्रिया का उल्लंघन बताया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

यह लाइन 22.7 किलोमीटर लंबी है इसमें औसतन 11,000 लोग यात्रा करते हैं।