खास बातें
- सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने एटीएफ के दाम 2.5 प्रतिशत बढ़ा दिए हैं। इससे पहले दो बार एटीएफ के दाम घटाए गए थे।
नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने विमान ईंधन (एटीएफ) के दाम 2.5 प्रतिशत बढ़ा दिए हैं। इससे पहले दो बार एटीएफ के दाम घटाए गए थे। इंडियन आयल के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के टी3 हवाई अड्डे पर विमान ईंधन का दाम 1,429 रुपये या 2.5 प्रतिशत प्रति किलोलीटर बढ़ाकर 57,689 रुपये प्रति किलोलीटर कर दिया गया है। इससे पहले आईओसी, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने 16 अगस्त और एक सितंबर को एटीएफ के दामों में दो बार में 1,585 रुपये प्रति किलोलीटर की कटौती की थी। आज की बढ़ोतरी के बाद पूर्व में दामों में की गई कटौती का लाभ खत्म हो गया है। देश के सबसे व्यस्त मुंबई हवाई अड्डे पर कल से विमान ईंधन 1,475 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़कर 58,452 रुपये प्रति किलोलीटर हो जाएगा। एयरलाइंस की परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत होती है। एयरलाइन कंपनियों से इस मूल्यवृद्धि के बाद यात्री किरायों में बढ़ोतरी के बारे में टिप्पणी नहीं ली जा सकी। स्थानीय स्तर पर बिक्रीकर और वैट के अनुसार विभिन्न हवाई अड्डों पर एटीएफ का दाम अलग-अलग होता है।