खास बातें
- इसके अलावा सरकार वीवीआईपी तथा विशेष उड़ानों के बकाया का भुगतान भी कंपनी को करेगी।
New Delhi: एयर इंडिया को नए सिरे से खड़े करने की कोशिश कर रही केंद्र सरकार शीघ्र ही इसमें अतिरिक्त इक्विटी लगाएगी। इसके अलावा सरकार वीवीआईपी तथा विशेष उड़ानों के बकाया का भुगतान भी कंपनी को करेगी। नागर विमानन सचिव नसीम जैदी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार एयर इंडिया को मजबूत करने को प्रतिबद्ध है। कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें इक्विटी समर्थन तथा सरकार पर विभिन्न बकाया का भुगतान शामिल है। उन्होंने कहा कि इन पहलों का सरकार में बहुत ऊंचे स्तर पर समन्वय किया जा रहा है। एयर इंडिया को नए सिरे से खड़ा करने के लिए वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की अगुवाई वाले मंत्रीसमूह की बैठक अगले सप्ताह हो सकती है।