खास बातें
- एसीसी को जून में समाप्त तिमाही के दौरान 328.12 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो पिछले साल की इसी तिमाही से छह फीसदी कम है।
New Delhi: सीमेंट निर्माता कंपनी एसीसी को जून में समाप्त तिमाही के दौरान 328.12 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो पिछले साल की इसी तिमाही से छह फीसदी कम है। कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण सीमेंट निर्माता कंपनियों के मुनाफे में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 349.47 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी ने कहा है कि पिछले साल की अपेक्षा बिक्री बढ़ने के बावजूद भी कच्चे माल की लागत बढ़ने से उसके मुनाफे में कमी आई है। आलोच्य तिमाही में कंपनी ने कच्चे माल पर 466 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि इससे पिछले साल की इसी तिमाही में उसने कच्चे माल पर 375 करोड़ रुपये खर्च किए थे। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल कारोबार बढ़कर 2,539 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 2,167 करोड़ रुपये था। इस तिमाही के दौरान कंपनी ने कुल 59.3 लाख टन सीमेंट की बिक्री की, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने कुल 52.7 लाख टन सीमेंट बेची थी। कंपनी के निदेशक मंडल ने 11 रुपये के प्रति शेयर पर 110 फीसदी का लाभांश देने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।