आधार कार्ड की बायोमेट्रिक्स जानकारी को बेहद आसान तरीके से कैसे लॉक करें...

जब आप आधार कार्ड की बायोमेट्रिक्स जानकारी को लॉक कर देंगे, तो अनलॉक किए जाने तक उन्हें आप खुद भी इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे.

आधार कार्ड की बायोमेट्रिक्स जानकारी को बेहद आसान तरीके से कैसे लॉक करें...

UIDAI एक फीचर प्रदान करता है, जिसके ज़रिये आप अपनी बायोमेट्रिक्स जानकारी को लॉक कर सकते हैं...

नई दिल्ली:

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हासिल करने से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तक अब हर काम के लिए आपकी पहचान स्थापित करने के लिए आधार कार्ड की ही मदद ली जाती है. आधार में दरअसल एक विशिष्ट आधार संख्या होती है, जिसे भारतीय विशिष्‍ट पहचान प्राधिकरण (Unique Identification Authority of India या UIDAI) जारी करता है. इस संख्या के अलावा इस कार्ड में हमसे जुड़ी व्यक्तिगत और निजी जानकारियां भी होती हैं, जिनमें अंगुलियों के निशान, आंखों की पुतलियों के साथ-साथ चेहरे की तस्वीर जैसी बायोमेट्रिक्स भी शामिल हैं.

अब दुनियाभर में इंटरनेट का प्रभाव और ज़ोर बढ़ जाने के बाद सभी तरह की जानकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं, और बेहद अहम हो गया है कि आप अपने डेटा की, खासतौर से आधार में स्टोर कर रखे गए बायोमेट्रिक्स की, सिक्योरिटी सुनिश्चित करें. साइबर अपराधी और फ्रॉड करने वाले बायोमेट्रिक्स जानकारी का दुरुपयोग कर सकते हैं, और अनधिकृत ऑथेन्टिकेशन कर सकते हैं.

आपके लिए यह जानना ज़रूरी है कि UIDAI एक फीचर प्रदान करता है, जिसके ज़रिये आप अपनी बायोमेट्रिक्स जानकारी को लॉक कर सकते हैं. वैध आधार कार्ड रखने वाला कोई भी शख्स इस फीचर का इस्तेमाल कर अपनी बायोमेट्रिक्स जानकारी को लॉक और अस्थायी तौर पर अनलॉक कर सकता है. UIDAI के मुताबिक, इससे प्रत्येक शख्स के बायोमेट्रिक्स जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित होती है.

बायोमेट्रिक्स जानकारी लॉक हो जाने के बाद आधार कार्ड धारक भी किसी ऑथेन्टिकेशन के लिए उसका इस्तेमाल नहीं कर सकता. बायोमेट्रिक्स जानकारी लॉक होने के बाद यदि कोई भी आधार के ज़रिये ऑथेन्टिकेशन की कोशिश करता है, एक विशेष एरर कोड 330 संकेत देगा कि बायोमेट्रिक्स जानकारी तक नहीं पहुंचा जा सकता.

आधार की बायोमेट्रिक्स जानकारी को लॉक करने के लिए क्या करें...

  1. UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं, और 'मेरा आधार' पर क्लिक करें...
  2. इसके बाद 'आधार सेवाओं का लाभ उठाएं' पर पहुंचकर 'अपने बायोमेट्रिक्स को सुरक्षित करें' पर क्लिक करें...
  3. 'बायोमेट्रिक्स को लॉक / अनलॉक करें' पर जाकर 12-अंक वाली आधार संख्या और कैप्चा वेरिफिकेशन कोड दर्ज करें... उसके बाद 'OTP भेजें' चुनें...
  4. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त हुआ OTP दर्ज करें, और लॉगिन करें...
  5. 'बायोमेट्रिक्स को लॉक / अनलॉक करें' पर फिर क्लिक करें, और कन्फर्म करें...
  6. आपकी बायोमेट्रिक्स जानकारी लॉक हो जाएगी...

ध्यान रखा जाए, जब आप बायोमेट्रिक्स जानकारी को लॉक कर देंगे, तो अनलॉक किए जाने तक उन्हें आप खुद भी इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. उन्हें दोबारा इस्तेमाल करने के लिए या तो आपको उन्हें अनलॉक करना होगा, या इस लॉक को हटाना होगा.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

--- ये भी पढ़ें ---
* घर खरीदा है...? तो अब जानें, कैसे तय होगा हाउस टैक्स, और कैसे-कहां होगा जमा
* जीवन प्रमाण ऑनलाइन जमा करने के लिए क्या करें पेंशनभोगी
* मूनलाइटिंग, यानी दो-दो वेतन पाने, से हो सकती हैं टैक्स से जुड़ी दिक्कतें
* घर में रखा है सोना...? जानें लिमिट और टैक्स
* SSA योजना बिटिया को दिलाएगी टैक्स फ्री 66 लाख रुपये
* PPF खाता दिला सकता है टैक्स फ्री 2.26 करोड़ रुपये