यह ख़बर 01 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2जी जांच के दायरे में 10 कंपनियों के सीईओ, प्रमोटर

खास बातें

  • सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में शामिल होने के आरोप में 63 लोग उसकी जांच के दायरे में आए हैं।
नई दिल्ली:

सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में शामिल होने के आरोप में 63 लोग उसकी जांच के दायरे में आए हैं जिसमें 10 कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रमोटर भी शामिल हैं। न्यायालय ने याचिका दायर करने वालों की इस आशंका से भी इनकार कर दिया कि 2जी घोटाले में टाटा समूह के कथित तौर पर शामिल होने की जांच सही तरीके से नहीं की गई। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि सीबीआई रिपोर्ट में गैर-सरकारी संगठन सेंटर फॉर पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन के आरोपों की बाबत संकेत दिए हैं। सेंटर फॉर पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन के वकील प्रशांत भूषण ने आरोप लगाया कि टाटा के खिलाफ सीबीआई जांच में कई मुद्दों को नहीं छुआ गया है जिनमें चेन्नई में द्रमुक को जमीन भेंट करना शामिल है। टाटा की ओर से द्रमुक को तोहफे में जमीन देने का मामला कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया टेप में सामने आया था। न्यायमूर्ति जीएस सिंघवी और न्यायमूर्ति एके गांगुली की सदस्यता वाली पीठ ने कहा, वे इस तरह से काम कर रहे हैं जिससे संदेह पैदा नहीं हो रहा। यदि जांच में कोई भटकाव है तो हम आपको इसे उजागर करने का मौका देंगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com