यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक' रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, लेकिन फिल्म की कमाई के साथ विवाद भी बढ़ गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले ही दिन करीब 104 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसी बीच महिलाओं के कथित तौर पर जरूरत से ज्यादा सेक्सुअलाइज्ड चित्रण और कथित मिसोजिनिस्टिक थीम को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पूर्व बीजेपी नेता और ‘वी द लीडर्स' के संस्थापक के. अन्नामलाई ने फिल्म पर निशाना साधते हुए सेंसर बोर्ड यानी CBFC की मंजूरी पर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने फिल्मों में महिलाओं की छवि को लेकर चिंता जताई.
के. अन्नामलाई ने ‘टॉक्सिक' और CBFC पर उठाए सवाल
के. अन्नामलाई ने फिल्म में महिलाओं के चित्रण को लेकर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि फिल्मों में महिलाओं को एक खास तरीके से दिखाने का बच्चों और समाज पर असर पड़ सकता है. उन्होंने सेंसर बोर्ड से फिल्मों के ऐसे दृश्यों को लेकर सख्त फैसले लेने की मांग की. अन्नामलाई ने कहा कि जब फिल्में महिलाओं को एक विशेष नजरिए से पेश करती हैं और बच्चे उन्हें लगातार देखते हैं, तो इसका महिलाओं के प्रति समाज की सोच पर असर पड़ सकता है. उन्होंने यह भी सवाल किया कि जब महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, तो ऐसी फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी कैसे मिलती है.
‘टॉक्सिक' में महिलाओं की आवाज है: यश
फिल्म को लेकर हो रही आलोचना के बीच यश ने अपनी फिल्म और निर्देशक गीतू मोहनदास का बचाव किया है. ‘टॉक्सिक' के प्री-रिलीज इवेंट में यश ने कहा कि दर्शकों को फिल्म देखने के बाद ही उसके बारे में राय बनानी चाहिए. यश के मुताबिक, फिल्म में महिलाओं के लिए एक मजबूत आवाज है, जो ट्रेलर में दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने खास तौर पर लड़कियों से फिल्म देखने की अपील की. अभिनेता ने कहा कि फिल्म में हर महिला और लड़की को अलग-अलग परिस्थितियों का सामना करने, अपनी बात रखने और समाज में सफल होने की क्षमता दिखाई गई है.
यश की ‘टॉक्सिक' में दिखे ये बड़े सितारे
‘टॉक्सिक' एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा है, जिसे गीतू मोहनदास ने निर्देशित किया है. फिल्म को KVN प्रोडक्शंस और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन ने मिलकर बनाया है. फिल्म में यश डबल रोल में नजर आ रहे हैं. फिल्म की स्टारकास्ट में नयनतारा, तारा सुतारिया, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार शामिल हैं. ‘टॉक्सिक' को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है और इसे भारत की महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है. बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत के बावजूद अब फिल्म के कंटेंट और महिलाओं के चित्रण को लेकर उठे सवाल इसकी चर्चा का बड़ा कारण बन गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं