विज्ञापन

'सालों से रहा चुप, मेरे पास कहने को बहुत कुछ', सूरज पंचोली तैयार हैं बताने को सब सच, पर रखी है ये शर्त

सूरज पंचोली ने कहा कि उनके पास सालों से चली आ रही कई बातों का जवाब है, लेकिन वह अपनी बात सही मंच पर ही रखना चाहते हैं. एक्टर का कहना है कि वह कठिन से कठिन सवालों का सामना करने और बिना कुछ छिपाए अपनी बात रखने के लिए तैयार हैं.

'सालों से रहा चुप, मेरे पास कहने को बहुत कुछ', सूरज पंचोली तैयार हैं बताने को सब सच, पर रखी है ये शर्त
सालों बाद सच बताने को तैयार हैं सूरज पंचोली

अभिनेता सूरज पंचोली इन दिनों दिशा सालियान मौत मामले को लेकर विवादों का सामना कर रहे हैं. अभिनेता ने गुरुवार को खुलासा किया कि उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि उनके बारे में अभी तक जो कुछ भी कहा गया है, उस पर उनके पास कहने को बहुत कुछ है, लेकिन वह सही समय पर ही सब कुछ बताएंगे. सूरज पंचोली ने इंस्टाग्राम पर नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे सभी सवालों के जवाब तभी देंगे, जब कोई ऐसा पत्रकार उनका इंटव्यू लेगा, जो उनसे सीधे कठिन और असहज सवाल पूछने को तैयार होगा. 

अभिनेता ने लिखा, "यह कुछ ऐसा है जो मैं अपना इंस्टाग्राम ब्लॉक होने से पहले पोस्ट करना चाहता था, जिसकी वजह मैं आज तक नहीं समझ पाया, लेकिन सच कहूं तो मेरे पास कहने के लिए और भी बहुत कुछ है. बहुत कुछ हुआ है, मेरे बारे में बहुत कुछ कहा गया है और मेरे अंदर बहुत कुछ है जो मैं खुलकर और दिल से कहना चाहता हूं और मैं अब तब बोलूंगा, जब मुझे कोई सही मंच देगा. मेरे लिए सही मंच का अर्थ है, समझदार पत्रकार या इंटरव्यू लेने वाला, जो मेरे सामने बैठने को तैयार हो, मेरी आंखों में आंखें डालकर मुझसे हर सवाल पूछे, मुश्किल सवाल, असहज सवाल, सारे सवाल. मुझे उनका जवाब देने में कोई परेशानी नहीं है."

अभिनेता सूरज पंचोली ने कहा, "मैं बस इतना चाहता हूं कि यह सब शांति से, तथ्यों के साथ, पत्रकारिता और इंसानियत की थोड़ी समझ के साथ किया जाए. मुझे ऐसा कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठित को इंटरव्यू देना है, जो कैमरे के पीछे छिपकर चिल्ला-चिल्लाकर सवाल पूछा, रिएक्शन लेने की कोशिश करे या फिर किसी की जिंदगी को तमाशा बनाने की कोशिश करे."

'कहने के लिए मेरे पास बहुत कुछ'

सूरज ने लिखा, "मेरे पास कहने के लिए बहुत कुछ है. ऐसी कई बातें हैं जिन पर मैं सालों से चुप रहा हूं. कई ऐसी बातें हैं जो लोगों ने मान ली हैं, कई बातें जो रिपोर्ट की गई हैं और कई ऐसी बातें जो मुझसे कभी सीधे पूछी ही नहीं गईं. जब मुझे सही मौका मिलेगा, तो मैं उनका ईमानदारी से जवाब दूंगा, क्योंकि इस कहानी में लोगों ने जो देखा या सुना है, उससे कहीं ज्यादा कुछ है और जब मैं बोलूंगा, तो मैं ठीक से बोलना चाहता हूं, बिना कुछ छिपाए और सच को वो जगह देते हुए जिसका वो हकदार है."

सूरज ने बताया कि उन्हें ऐसे मामलों में भी घसीटा गया, जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं था. अभिनेता ने इमोशनल होते हए कहा कि वे अपनी जिंदगी के कई साल पहले ही खो चुके हैं और अब वे बस चुप रहकर अपनी जिंदगी, करियर और भविष्य को फिर से बनाने की कोशिश कर रहे हैं. सूरज ने लिखा, "मैं एक बार फिर कह रहा हूं कि मैं अपनी जिंदगी में कभी भी दिवंगत दिशा सालियान या आदित्य ठाकरे से नहीं मिला हूं और अगर फिर भी, ऑनलाइन गालियां देना बंद नहीं हुआ है और न ही जान से मारने की धमकियां मिलना बंद हो रही हैं, लोग सोचते हैं कि मैं डरा हुआ होऊंगा. मैं डरा हुआ नहीं हूं, मैंने सालों तक देखा है कि मेरा नाम उन चीजों में घसीटा जा रहा है जिनसे मेरा बिल्कुल कोई लेना-देना नहीं था. मैं अपनी जिंदगी के कई साल पहले ही खो चुका हूं, ऐसे साल जो मैं कभी वापस नहीं पा सकता."

'मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं'

उन्होंने आगे लिखा, "और अब, जब मैं आखिरकार अपनी जिंदगी, अपना करियर और अपना भविष्य फिर से बनाने की कोशिश कर रहा हूं, तो मैं चुप रहकर यह सब दोबारा होते हुए देखना नहीं चाहता हूं. अगर मैं डरा होता, तो कई दूसरों की तरह चुप रहता. लेकिन मैं बिल्कुल उल्टा कर रहा हूं! क्योंकि मेरे पास छिपाने या भागने के लिए कुछ भी नहीं है! मैं अपने लिए खड़ा हो रहा हूं क्योंकि मैं जानता हूं कि मेरा दिल साफ है. आखिर में, यह मेरा नाम है, मेरी जिंदगी है और मेरा भविष्य है जिसके साथ मुझे जीना है."

अभिनेता ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा, "मैं यह अपने लिए कर रहा हूं, मैं जो देख रहा हूं उसे भी नजरअंदाज नहीं कर सकता. मेरे लिए यह साफ है कि नफरत और मेरे नाम को इस मामले में घसीटने की कई कोशिशें इसलिए हो रही हैं, क्योंकि कुछ लोगों को मेरे परिवार के सदस्यों से दिक्कत है. वो मुद्दे चाहे जो भी हों, कृपया उसकी सजा मुझे मत दीजिए. मेरी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है. मेरा कोई राजनीतिक गठजोड़ नहीं है, कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है और न ही किसी को बचाने या किसी पर हमला करने में मेरी कोई दिलचस्पी है. इसलिए मैं जांच एजेंसियों से सिर्फ एक चीज की अपील करता हूं, कृपया इस मामले की पूरी तरह से, पूरी गहराई से और बिना किसी और देरी के जांच करें."

यह भी पढ़ें: 'छपरियों को स्टार बनाता है Bigg Boss', सुनील पाल ने सलमान खान के शो पर साधा निशाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sooraj Pancholi, Disha Salian, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com