अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल' की रिलीज से पहले मेकर्स ने एक खास रणनीति अपनाई है. फिल्म की आधिकारिक रिलीज 26 जून 2026 को है, लेकिन दर्शक इसे एक दिन पहले यानी 25 जून को पेड प्रिव्यू शो के जरिए देख सकेंगे. इन शो की एडवांस बुकिंग आज से शुरू हो गई है, जबकि शो शाम 7:30 बजे के बाद आयोजित किए जाएंगे. पिछले कुछ समय से बॉलीवुड में पेड प्रिव्यू का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है. इससे पहले ‘धुरंधर: द रिवेंज' और ‘भूत बंगला' जैसी फिल्मों ने भी रिलीज से पहले ऐसे शो रखे थे. खास बात यह है कि ‘वेलकम टू द जंगल' अक्षय कुमार की इस साल दूसरी फिल्म बन गई है, जो इस रणनीति को अपना रही है. इससे पहले ‘भूत बंगला' ने अपनी आधिकारिक रिलीज से पहले पेड प्रिव्यू के जरिए करीब 3.65 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी.
पेड प्रिव्यू दरअसल एक स्मार्ट बॉक्स ऑफिस गणित माना जाता है. इसके तहत फिल्म की आधिकारिक रिलीज से एक दिन पहले चुनिंदा शो आयोजित किए जाते हैं, जिससे फिल्म को लेकर उत्साहित दर्शक सबसे पहले इसे देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख करते हैं. इससे फिल्म को रिलीज से पहले ही अच्छी-खासी कमाई मिल जाती है. कई बार इन प्रिव्यू शो की कमाई को पहले दिन के कलेक्शन में भी जोड़ दिया जाता है, जिससे ओपनिंग डे का आंकड़ा और बड़ा दिखाई देता है. बाद में यही आंकड़े फिल्म के प्रचार और बॉक्स ऑफिस मोमेंटम बनाने में भी मदद करते हैं.
फिल्म कारोबार विशेषज्ञ गिरिश वानखेड़े कहते हैं, “पेड प्रिव्यूज़ (Paid Previews) आम तौर पर कमाई कराने वाले होते हैं, क्योंकि लोग अपनी पसंदीदा फिल्मों को देखने के लिए उत्साहित रहते हैं. जिस तरह से ‘भूत बंगला' पेड प्रिव्यूज में अच्छे नंबर हासिल करने में कामयाब रही, क्या ‘वेलकम टू द जंगल' भी उसी राह पर काम करेगी? क्योंकि इसकी स्टार कास्ट बहुत बड़ी है और हर एक्टर का अपना फैन बेस है. तो जाहिर है कि लोग इस माइंडलेस कॉमेडी को देखने के लिए उत्साहित होंगे क्योंकि इसका ट्रेलर थोड़ा बेहतर रहा है और गाने भी लोगों को पसंद आ रहे हैं. तो यह मेकर्स के लिए काम करना चाहिए. यह पेड प्रिव्यू रेगुलर रिलीज से पहले पैसे कमाने का एक शानदार जरिया है.”
इंडस्ट्री ट्रैकर्स के मुताबिक ‘वेलकम टू द जंगल' पहले दिन 22 से 26 करोड़ रुपये के बीच की ओपनिंग ले सकती है. ऐसे में पेड प्रिव्यू शो फिल्म की शुरुआती कमाई को और मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं. मेकर्स को एडवांस बुकिंग से भी काफी उम्मीदें हैं, जो आज से शुरू हो चुकी हैं. करीब 2 घंटे 28 मिनट की अवधि वाली ‘वेलकम टू द जंगल' लोकप्रिय ‘वेलकम' फ्रेंचाइज़ी की तीसरी फिल्म है. फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है और इसमें अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, डलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा समेत कई कलाकार नजर आएंगे.
फिल्म को ए.ए. नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो18 द्वारा सीता फिल्म्स और राकेश डांग के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है. इसके निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला, राकेश डांग और वेदांत विकास बाली हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज़ से एक दिन पहले रखे गए ये पेड प्रिव्यू शो फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कितनी बढ़त दिला पाते हैं. ‘वेलकम टू द जंगल' 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं