दुनिया की सबसे बड़ी पॉप स्टार्स में गिनी जाने वालीं टेलर स्विफ्ट सिर्फ अपने गानों की वजह से ही नहीं, बल्कि रिकॉर्ड तोड़ कमाई, सुपरहिट कॉन्सर्ट्स और करोड़ों चाहने वालों के कारण भी हमेशा सुर्खियों में रहती हैं. अब उनकी शादी भी किसी बड़े शो से कम नहीं मानी जा रही. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 जुलाई को ट्रैविस केल्स के साथ होने वाली उनकी शादी इस साल की सबसे चर्चित सेलिब्रिटी शादियों में शामिल हो सकती है. 1100 से ज्यादा मेहमान, करीब 190 करोड़ रुपए का भारी-भरकम खर्च और बेहद गोपनीय तैयारियों ने इस शादी को पहले ही चर्चा का विषय बना दिया है. शादी में खर्च भी बढ़ चढ़ कर क्यों ना हो आखिर टेलर इस दुनिया की सबसे अमीर सिंगर जो हैं. उनकी नेटवर्थ 2 बिलियन डॉलर बताई जाती है.
बजट बना हाईलाइट
इस शादी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके बजट की हो रही है. अनुमान है कि पूरा खर्च 10 से 20 मिलियन डॉलर, यानी करीब 95 करोड़ से 190 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है. दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ मैडिसन स्क्वायर गार्डन को कुछ दिनों के लिए तैयार करने और इस्तेमाल करने में ही करीब 3 मिलियन डॉलर, यानी लगभग 28 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. बताया जा रहा है कि इस वेन्यू का किराया करीब 1 मिलियन डॉलर प्रतिदिन है.
शादी की खबर बाहर न जाए इसलिए उठाए ये कदम
इस शादी को पूरी तरह गोपनीय रखने की कोशिश की जा रही है. यही वजह है कि मेहमानों को पारंपरिक कार्ड की जगह डिजिटल इनविटेशन भेजे गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 1100 से 1200 लोगों को बुलाया गया है. इतना ही नहीं ई-कार्ड के साथ NDA- Non-Disclosure Agreement भी भेजा गया है ताकि शादी से जुड़ी कोई भी जानकारी पहले बाहर न पहुंच सके.
कौन-कौन हो सकता है शादी में शामिल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक मेहमानों की लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं. इनमें एड शीरन, चेरी सीबॉर्न, जो क्राविट्ज, सुकी वॉटरहाउस, बेन्सन बून और हाइम परिवार के सदस्य शामिल हो सकते हैं. यही वजह है कि दुनियाभर की नजर इस शादी पर टिकी हुई है.
क्या शादी के लिए मैनहट्टन की सड़कें बंद होंगी?
बताया जा रहा है कि जुलाई के पहले वीकेंड के दौरान मैनहट्टन की कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद करने की अनुमति मांगी गई है. वहीं मैडिसन स्क्वायर गार्डन का पूरा शेड्यूल पहले ही ब्लॉक किया जा चुका है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहमानों की सुरक्षा के लिए हाई-एंड प्राइवेट सिक्योरिटी, अतिरिक्त स्टाफ और दूसरे खास इंतजाम भी किए जा रहे हैं.
इस शादी में कई खास म्यूजिक परफॉर्मेंस हो सकती हैं. शायद यही वजह है कि उनकी टीम के कुछ सदस्यों को अमेरिका के मशहूर प्रोडक्शन कैंपस रॉक लिटिट्ज में देखा गया, जहां दुनिया के बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट्स के लिए स्टेज और सेट तैयार किए जाते हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि यह शादी पारंपरिक समारोह से ज्यादा एक भव्य म्यूजिक इवेंट जैसी नजर आ सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं