विज्ञापन

4000 करोड़ की रामायणम् के पार्ट 2 को टक्कर देगी इंद्रपुत्र! साउथ स्टार निभाएंगे ऐसा किरदार जो पहले नहीं देखा

नितेश तिवारी की रामायणम् दो पार्ट में रिलीज होगी. पहला पार्ट इस साल दिवाल के मौके पर आ रहा है और दूसरा पार्ट साल 2027 में रिलीज होगा.

4000 करोड़ की रामायणम् के पार्ट 2 को टक्कर देगी इंद्रपुत्र! साउथ स्टार निभाएंगे ऐसा किरदार जो पहले नहीं देखा
माइथो यूनिवर्स में नई एंट्री 'इंद्रपुत्र'
Social Media
नई दिल्ली:

भारतीय पौराणिक कथाओं और भव्य सिनेमाई अनुभवों को बड़े पर्दे पर एक नए अंदाज में पेश करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जी स्टूडियोज ने अपनी महत्वाकांक्षी पैन-इंडिया मायथोलॉजिकल एक्शन-फैंटेसी फिल्म 'इंद्रपुत्र' के टाइटल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. फिल्म में किरण अब्बावरम मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि श्रीकांत पुप्पला इस फिल्म के जरिए निर्देशन के क्षेत्र में अपनी शुरुआत कर रहे हैं. फिल्म की मुख्य शूटिंग इस साल अक्टूबर से शुरू होने वाली है.

भारतीय पौराणिक कथाओं की समृद्ध विरासत में गहराई से निहित 'इंद्रपुत्र' को एक बड़े सिनेमाई कैनवास पर तैयार किया जा रहा है. यह फिल्म एक महत्वाकांक्षी और विस्तृत पौराणिक यूनिवर्स का पहला अध्याय होगी. पौराणिक कथाओं, फैंटेसी और एक्शन के मेल से तैयार की जा रही यह फिल्म दर्शकों को एक भव्य सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है. फिल्म की कहानी भारतीय परंपराओं और कालजयी कथाओं से प्रेरित होगी और इसके केंद्र में सदियों पुराने 'धर्म और अधर्म' के संघर्ष को एक नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा.

किरण अब्बावरम फिल्म में पहले कभी न देखे गए एक दमदार अवतार में नजर आएंगे. वहीं, निर्देशक श्रीकांत पुप्पला भारतीय पौराणिक विरासत की समृद्धि को समकालीन कहानी कहने के अंदाज के साथ जोड़ते हुए एक विशाल और अनोखी दुनिया रचने जा रहे हैं. बड़े पैमाने पर बनाई जा रही यह पैन-इंडिया फिल्म अलग-अलग भाषाओं और पीढ़ियों के दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: social Media

फिल्म को लेकर उत्साहित किरण अब्बावरम ने कहा, "'इंद्रपुत्र' मेरे अब तक के किए गए काम से बिल्कुल अलग और बेहद अनोखी फिल्म है. जिस पल मैंने इसकी कहानी सुनी, मुझे एहसास हुआ कि यह एक ऐसी फिल्म है जो एक अभिनेता के तौर पर मुझे और चुनौती देगी और मेरे सिनेमाई विजन से भी पूरी तरह मेल खाती है. इस किरदार के लिए भावनात्मक गहराई के साथ-साथ शारीरिक बदलाव की भी जरूरत है और मैं इस किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए बेहद उत्साहित हूं. मुझ पर विश्वास करने के लिए मैं जी स्टूडियोज और श्रीकांत गारु का आभारी हूं. मैं इस शानदार सफर की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं."

निर्देशक श्रीकांत पुप्पला ने कहा, "'इंद्रपुत्र' एक ऐसा सपना है जो लंबे समय से मेरे दिल के बेहद करीब रहा है. हमारी पौराणिक कथाएं कालजयी कहानियों से भरी हुई हैं और इस फिल्म के जरिए हमारा उद्देश्य ऐसी ही एक महागाथा को ऐसे पैमाने पर प्रस्तुत करना है, जो देखने में भव्य होने के साथ-साथ देशभर के दर्शकों के लिए भावनात्मक रूप से भी प्रासंगिक हो. इस सफर की कमान किरण अब्बावरम के हाथों में होना बेहद रोमांचक है, क्योंकि वह अपने किरदार में ईमानदारी, तीव्रता और दृढ़ विश्वास लेकर आते हैं. इस विजिन पर भरोसा जताने के लिए मैं जी स्टूडियोज का आभारी हूं और अक्टूबर में 'इंद्रपुत्र' की शूटिंग शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं."

यह भी पढ़ें: 45 भाषाओं में गए 5000 से ज्यादा गाने, फिर भी अपना गाना सुनना पसंद नहीं करती ये सिंगर, इस बात का रहता है डर

निर्माता प्रेरणा अरोड़ा ने कहा, "'इंद्रपुत्र' एक ऐसी दुनिया की शुरुआत है, जिसे हम बेहद जुनून के साथ तैयार कर रहे हैं. भारतीय पौराणिक कथाओं की समृद्धि से प्रेरित और एक समकालीन विजन से जुड़ी यह फिल्म एक विस्तृत पौराणिक यूनिवर्स का पहला अध्याय है. किरण अब्बावरम को मुख्य भूमिका में और श्रीकांत पुप्पला को निर्देशक के तौर पर पाकर हम बेहद उत्साहित हैं. हम इस कहानी को दर्शकों तक पहुंचाने और अक्टूबर में इसकी शूटिंग शुरू करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं."

जी स्टूडियोज और प्रेरणा अरोड़ा द्वारा निर्मित तथा कीर्तन के सह-निर्माण में बन रही 'इंद्रपुत्र' फिलहाल प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है. फिल्म की मुख्य शूटिंग अक्टूबर से शुरू होगी. फिल्म की अन्य कास्ट, तकनीकी टीम और रिलीज डेट से जुड़ी घोषणाएं आने वाले महीनों में की जाएंगी.

भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित एक आकर्षक दुनिया, बड़े पैमाने की कहानी, भव्य एक्शन और फ्रेंचाइज क्षमता को केंद्र में रखते हुए 'इंद्रपुत्र' को एक महत्वाकांक्षी पैन-इंडिया सिनेमाई प्रोजेक्ट के रूप में तैयार किया जा रहा है. यह फिल्म न केवल भारतीय पौराणिक विरासत को एक समकालीन सिनेमाई भाषा में पेश करने का प्रयास करेगी, बल्कि एक ऐसे विस्तृत मायथोलॉजिकल यूनिवर्स की नींव भी रखेगी, जिसे आने वाले समय में और आगे बढ़ाया जा सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ramayana, Entertainment, Bollywood, Nitesh Tiwari, Mythological Cinema
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com