भक्ति संगीत पसंद करने वालों के लिए एक नया गीत सामने आया है. दार्शनिक और संगीतकार देवऋषि ने अपना नया भक्ति गीत ‘श्रियं नारायण' रिलीज किया है. यह गीत भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसके सभी आठ श्लोक देवऋषि ने खुद संस्कृत में लिखे हैं. इस गीत में ‘श्रियं नारायणं भजे' शब्दों को खास जगह दी गई है. हर श्लोक के आखिर में ये शब्द दोहराए जाते हैं. इससे पहले देवऋषि का ‘लक्ष्मी नारायण स्तोत्रम्' भी रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था.
दो दिन में मिले थे 20 लाख व्यूज
देवऋषि का पिछला गीत ‘लक्ष्मी नारायण स्तोत्रम्' 30 अक्टूबर को रिलीज हुआ था. इस गीत को रिलीज होने के सिर्फ दो दिनों में 20 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए थे. अब ‘श्रियं नारायण' के जरिए उन्होंने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की भक्ति को संगीत के जरिए लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की है. इस बार भी उन्होंने गीत के लिए संस्कृत के श्लोक खुद लिखे हैं. यानी यह सिर्फ एक भजन नहीं, बल्कि उनकी अपनी लिखी हुई रचना है.
बचपन से भगवान विष्णु के भक्त हैं देवऋषि
देवऋषि बताते हैं कि बचपन से ही भगवान विष्णु उनके पसंदीदा रहे हैं. वह लंबे समय तक मनोरंजन की दुनिया से जुड़े रहे, लेकिन साल 2024 में उनकी दिलचस्पी आध्यात्मिकता की तरफ बढ़ने लगी. इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे मनोरंजन जगत से दूरी बनाई और भारतीय दर्शन, आध्यात्मिकता और भक्ति संगीत पर काम करना शुरू कर दिया. उनका कहना है कि ‘श्रियं नारायण' जैसी रचनाएं इसी बदलाव का हिस्सा हैं. अब वह संगीत के जरिए अपनी आध्यात्मिक सोच और भगवान के प्रति अपनी भक्ति को लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं.
मंत्र और ध्यान पर भी काम कर रहे हैं देवऋषि
देवऋषि आने वाले समय में कई नए भक्ति गीत रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं. इनमें संस्कृत के स्तोत्रों के साथ मंत्र और ध्यान से जुड़ी संगीत रचनाएं भी शामिल होंगी. वह भारतीय परंपरा में मंत्रों और संगीत के संबंध पर भी काम कर रहे हैं.
‘लक्ष्मी लोक' बनाने की भी है योजना
संगीत के अलावा देवऋषि मध्य प्रदेश सरकार की श्रीकृष्ण पाथेय परियोजना से जुड़े शोध कार्य में भी शामिल हैं. इस परियोजना के तहत भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक स्थानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
इसके साथ ही वह ‘लक्ष्मी लोक' नाम की एक नई योजना पर भी काम कर रहे हैं. इसके जरिए भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी. इससे पहले देवऋषि ‘मनमोहना' और ‘कृष्णमय' जैसी कृष्ण भक्ति से जुड़ी रचनाएं भी पेश कर चुके हैं. अब ‘श्रियं नारायण' के साथ वह अपनी भक्ति संगीत की इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: 1350 करोड़ कमा कर Avengers: Doomsday ने रच दिया इतिहास, रिलीज से पहले ही तोड़े 3 बड़े रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं