फिल्म ‘हनुमान अंश' की शानदार सफलता ने निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी को बतौर फिल्ममेकर नई पहचान दी है. यह विशाल चतुर्वेदी की पहली फिल्म है और इसी के साथ उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा. कम बजट में बनी फिल्म की असाधारण सफलता के बाद अब बॉलीवुड की नजरें भी उन पर हैं और उन्हें लगातार नई फिल्मों के ऑफर मिल रहे हैं. हाल ही में विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनने वाली उनकी दूसरी फिल्म ‘राम बोला ‘ का ऐलान भी हो चुका है. ‘हनुमान अंश' के बाद यह उनकी अगली बड़ी फिल्म होगी और इसके ऐलान के साथ ही उनके अगले प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों के बीच भी उत्सुकता बढ़ी है.
10-12 फिल्मों के मिले ऑफर
जब विशाल चतुर्वेदी से पूछा गया कि क्या ‘हनुमान अंश' की सफलता के बाद बॉलीवुड के निर्माताओं ने उन्हें फिल्में ऑफर करने के लिए फोन करना शुरू कर दिया है, तो उन्होंने कहा, 'हां, करीब 10 से 12 फिल्मों के ऑफर आए हैं, जिनमें से ‘राम बोला ' के बारे में तो आप सुन ही चुके होंगे.'
ये Video भी देखें: भक्ति Vs भौकाल - 'हनुमान अंश' ने कमाए 130 करोड़, 'मिर्जापुर' 100 करोड़ के पार
हालांकि विशाल चतुर्वेदी के सामने आए सभी प्रोजेक्ट एक ही तरह के नहीं हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें मिलने वाले सभी ऑफर डिवोशनल फिल्मों के हैं, तो उन्होंने कहा, 'हां, इनमें से कुछ डिवोशनल हैं, लेकिन अलग-अलग जॉनर भी हैं.' यानी ‘हनुमान अंश' के बाद उनकी पहचान सिर्फ आध्यात्मिक फिल्मों के निर्देशक के तौर पर सीमित नहीं हुई है और वह दूसरे विषयों और जॉनर की फिल्मों पर भी काम कर सकते हैं.
अलग-अलग शहरों में प्रचार
फिलहाल विशाल चतुर्वेदी अपनी पहली फिल्म की सफलता के बाद मुंबई लौट आए हैं. ‘हनुमान अंश' के प्रचार के लिए अलग-अलग शहरों और राज्यों का दौरा करने के बाद अब वह मुंबई में हैं. गणेश उत्सव के मौके पर वह शहर के अलग-अलग पंडालों में पहुंचकर बप्पा का आशीर्वाद ले रहे हैं.
‘हनुमान अंश' ने जहां विशाल चतुर्वेदी को एक सफल निर्देशक के तौर पर स्थापित किया है, वहीं अब उनके सामने अगली फिल्मों के जरिए इस सफलता को आगे बढ़ाने की चुनौती है. ‘राम बोला' के बाद वह किन नए जॉनर में नजर आते हैं, इस पर भी फिल्म इंडस्ट्री की नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें; 'हनुमान अंश' ने हिंदी सिनेमा में रचा इतिहास,बनी बॉलीवुड की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं