विज्ञापन

वाराणसी वर्सेज रामायणम् टीजर, जानें 4000 करोड़ की फिल्म रामायणम् पर कैसे भारी पड़ी 1300 करोड़ की वाराणसी

वाराणसी मूवी का टीजर रिलीज हो चुका है और आज रामायणम् का टीजर भी रिलीज हो गया है. आप जानते हैं किस ने बाजी मारी और कौन पड़ा किस पर भारी, पूरा विश्लेषण

वाराणसी वर्सेज रामायणम् टीजर, जानें 4000 करोड़ की फिल्म रामायणम् पर कैसे भारी पड़ी 1300 करोड़ की वाराणसी
वाराणसी मूवी वर्सेज रामयाणम् टीजर में कौन पड़ा भारी
नई दिल्ली:

वीएफएक्स का किंग कौन राजामौली. कहानी कहने का बादशाह कौन राजामौली. मामूली बात को भी खास बनाकर बेच सकता है कौन, राजामौली. देसीपन में रंगा फिल्ममेकर कौन, राजामौली. एसएस राजामौली अपनी पुरानी फिल्मों से इस बात को साबित कर चुके हैं. अब आप सोच रहे होंगे कि हम ये बात क्यों कर रहे हैं. राजामौली ने ऐसा क्या किया कि उनका जिक्र एकदम से आ गया. आज यानी 2 अप्रैल को रणबीर कपूर की फिल्म रामायणम् का टीजर रिलीज हो गया है. ऐसे में एक बार फिर राजामौली का चेहरा जेहन में घूम गया क्योंकि मुझे बचपन से ही शौक रहा अमर चित्रकथा स्टाइल कहानियों का और इन कहानियों को परदे पर उतारने का काम किया राजामौली ने. लेकिन दंगल फेम डायरेक्टर नितेश तिवारी ने भी एक जिम्मा उठाया और रामायण की कहानी को परदे पर लाए. आइए जानते हैं टीजर को देखकर बाजी किसके हाथ रही. 

वाराणसी मूवी में कहानी और टेक्नोलॉजी का अनूठा कॉकटेल

कुछ दिन पहले एस.एस. राजामौली ने भव्य तरीके से वाराणसी का टीजर रिलीज किया था. इसमें टीजर में जिस तरह की डिटेलिंग उन्होंने पिरोई लाजवाब थी. उनकी फिल्म का बजट 1300 करोड़ रुपये है. फिर जिस तरह से वह टेक्नोलॉजी और माइथोलॉजी का कॉकटेल बनाते हैं वो तो लाजवाब है. उनकी बाहुबली सीरीज ने तो देश भर में धूम मचा दी थी. फिर आरआरआर को दुनियाभर में पसंद किया गया. अब वो महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन की वाराणसी के एक सीन के अंदर इतनी ढेर सारी कहानियां उन्होंने पिरोई हैं कि दर्शकों की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. 

रामायणम् टीजर: कहानी पर भारी पड़ी टेक्नोलॉजी 

रामायणम् टीजर को देखा तो मन भारी हो गया. देसी रामायण पर पूरी तरह विदेशी टेक्नोलॉजी भारी पड़ती नजर आई. एआई का भी बहुत स्तरीय इस्तेमाल नहीं किया गया. टीजर से ही आभास हो गया कि निर्माताओं से कहीं कोई चूक हो गई है. बेशक बात अभी सिर्फ टीजर की है, लेकिन पूत के पांव पालने में दिख जाते हैं. वैसे ही रामायणम् के टीजर को लेकर भी कहा जा सकता है. कई सीन्स में तो साफ दिख जाता है कि टेक्नोलॉजी के मामले में भारी भूल हो गई है. फिर भारतीय कहानी पर हॉलीवुड का रंग चढ़ाना भी जमता नही हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह रामायणम् में नजर आने वाले राक्षस हैं, उनको कुछ ऐसा जामा पहनाया गया है कि कहानी की पूरी रूपरेखा ही बदल गई है. चलिए बाकी फिंगर क्रॉस रखते हैं कि आने वाले दिनों में कुछ सॉलिड देखने को मिलेगा. 

वाराणसी वर्सेज रामायणम्: कौन पड़ा भारी

आइए जानते हैं वाराणसी वर्सेज रामायणम् की टक्कर में कौन पड़ा किस पर भारी

  • अब बजट की बात करें तो वाराणसी को सिर्फ 1300 करोड़ में बनाया जा रहा है जबकि रामायणम् का बजट 4000 करोड़ रुपये है. वाराणसी का टीजर हैदराबाद में खुले मैदान में रिलीज किया गया. वहीं, रामायणम् की पहली झलक को अमेरिका के लॉस एंजिल्स में रिलीज किया गया. 
  • अब टेक्नोलॉजी की बात करें तो राजामौली ने टेक्नोलॉजी और मायथोलॉजी का ऐसा संगम किया है कि आंखें खुली रह जाती हैं. रामायणम् में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हर जगह चीखता हुआ नजर आता है. 
  • अब बात करें प्रभु श्रीराम के कैरेक्टर की तो रणबीर कपूर ने अच्छी मेहनत की है. लेकिन उनके अंदर एक एटीट्यूड और आक्रामकता नजर आ रही है, जबकि राम को उनकी सौम्यता के लिए पहचाना जाता है. 
  • वहीं वाराणसी के महेश बाबू के एंट्री सीन की बात करें तो उसका कोई जवाब नहीं. उनको बैल की सवारी करते हुए दिखाया गया है. 

फिलहाल तो टीजर के हिसाब से वारणसी मूवी रामायणम् पर भारी पड़ती नजर आती है. बाकी तो समय ही बताएगा जब दोनों ही फिल्में जनता की कसौटी पर होंगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com