विज्ञापन

ट्रोजन हॉर्स में छिपकर The Odyssey देखने पहुंचे 3 टिक टॉकर, सिक्योरिटी को दिया गच्चा, इस वजह से खुली पोल

क्रिस्टोफर नोलन की The Odyssey ने दो दिन के अंदर ही बजट से ज्यादा की कमाई कर ली है. लेकिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ दोस्तों ने ट्रोजन हॉर्स के जरिये एंट्री की कोशिश की. लेकिन यूं हुआ बंटाढार.

ट्रोजन हॉर्स में छिपकर The Odyssey देखने पहुंचे 3 टिक टॉकर, सिक्योरिटी को दिया गच्चा, इस वजह से खुली पोल
The Odyssey वाला घोड़ा लेकर फिल्म देखने गए टिक टॉकर्स बुरे फंसे
Social Media
नई दिल्ली:

क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म 'The Odyssey' इन दिनों दुनिया भर में धमाल मचा रही है. इस दौरान भारत में भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, वहीं विदेश में इसे लेकर ऐसा क्रेज देखने को मिला कि कुछ यूट्यूबर्स ने टिकट बचाने के लिए इतिहास के सबसे मशहूर ट्रोजन हॉर्स वाले आइडिया को ही असल जिंदगी में दोहराने की कोशिश कर डाली. उनका प्लान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, लेकिन थिएटर के अंदर पहुंचने से पहले ही पूरा खेल बिगड़ गया. अब इस मजेदार घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं.

ट्रोजन हॉर्स में छिपकर थिएटर में एंट्री का प्लान

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि टिक टॉक वीडियो बनाने वाले इन लोगों के पास The Odyssey का एक ही टिकट था. प्लान यह था कि एक सदस्य टिकट लेकर थिएटर में प्रवेश करेगा, जबकि बाकी दो लोग लकड़ी से बने एक बड़े ट्रोजन हॉर्स के अंदर छिप जाएंगे. तीसरा साथी उस घोड़े को खींचते हुए थिएटर तक लेकर पहुंचा. रास्ते में वे मजाकिया अंदाज में लोगों को ट्रोजन हॉर्स का सीक्रेट भी दिखाते रहे. थिएटर पहुंचने पर उनका टिकट स्कैन हुआ और हैरानी की बात यह रही कि वे कर्मचारियों की दो अलग-अलग जांच पार करने में भी सफल रहे. उन्हें लगा कि उनका मिशन कामयाब हो गया है और वे खुशी से स्क्रीन की ओर बढ़ने लगे.

यह भी पढ़ें: 2026 के बचे 5 महीनों में हॉलीवुड से आ रहीं 11000 करोड़ की 4 फिल्में, 18 दिसंबर को दांव पर लगे 4500 करोड़ 

लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. जैसे ही वे एक मोड़ पर पहुंचे, ट्रोजन हॉर्स अचानक पलट गया और उसके अंदर छिपे दोनों लोग बाहर आ गए. पूरी सच्चाई सामने आते ही वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकते हुए कहा, 'आप लोग इसे अंदर नहीं ले जा सकते.'

वहीं एक अन्य कर्मचारी ने पहले टिकट के बारे में पूछा, लेकिन पूरी कहानी समझने के बाद मुस्कुराते हुए कहा, 'इस आइडिया की इज्जत करनी पड़ेगी.' यही पल अब सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है.

भारत में 'The Odyssey' का जलवा बरकरार, तीसरे दिन भी डबल डिजिट में कमाई

जहां एक ओर यह मजेदार घटना इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रही है, वहीं दूसरी ओर क्रिस्टोफर नोलन की 'The Odyssey' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के तीसरे दिन भी फिल्म ने डबल डिजिट में कमाई दर्ज की और भारत में इसका कुल कलेक्शन 60 करोड़ रुपए के पार पहुंच चुका है.

होमर के प्रसिद्ध प्राचीन ग्रीक महाकाव्य पर आधारित इस फैंटेसी एडवेंचर फिल्म के राइटर और डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन हैं. फिल्म में मैट डेमन राजा ओडिसियस की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि टॉम हॉलैंड उनके बेटे टेलीमाकस के रोल में हैं. इसके अलावा ऐनी हाथवे, रॉबर्ट पैटिनसन, शार्लीज थेरॉन, लुपिता न्योंगो, जेंडाया, जॉन बर्न्थल और मिया गोथ जैसे कई बड़े हॉलीवुड सितारे भी फिल्म का हिस्सा हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
The Odyssey, Christopher Nolan, Viral Video, Entertainment, The Odyssey Box Office Collection
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com