द ओडिसी 17 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. 250 मिलियन डॉलर (लगभग 2400 करोड़ रुपये) की बिग बजट मूवी के पहले ही वीकेंड पर बजट वसूलने के अनुमान लगाए जा रहे हैं. क्रिस्टोफर नोलन ने दिखा दिया है कि किस तरह से एआई के दौर में किस तरह से इंसानी दिमाग से बड़े काम किए जा सकते हैं. अब अगर साल 2026 के आखिरी हिस्से पर नजर डालें तो यह समय हॉलीवुड के लिए बिग बजट ब्लॉकबस्टर्स का खजाना साबित होने वाला है. अगस्त से दिसंबर के बीच रिलीज हो रही कई फिल्मों पर 150 मिलियन डॉलर (लगभग 1,444 करोड़ रुपये) से लेकर 450 मिलियन डॉलर (लगभग 4,332 करोड़ रुपये) तक का भारी भरकम बजट खर्च हो रहा है. मार्वल, वार्नर ब्रदर्स और लीजेंडरी पिक्चर्स जैसी स्टूडियोज इस बार रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में हैं.
1. स्पाइडरमैन ब्रांड न्यू डे: स्पाइडी की वापसी
स्पाइडरमैन सीरीज की अगली फिल्म 'स्पाइडरमैन ब्रांड न्यू डे (Spider-Man Brand New Day)' 31 जुलाई को रिलीज होगी. इसका बजट 275 मिलियन डॉलर (लगभग 2,648 करोड़ रुपये) है. टॉम हॉलैंड और जेंडाया की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतेगी. डेस्टिन डेनियल क्रेटन ने फिल्म को डायरेक्ट किया है. पीटर पार्कर की दुनिया इस बार आसान नहीं रहने वाली है.
2. द हंगर गेम्स सन राइज ऑफ द रीपिंग
20 नवंबर को आने वाली द हंगर गेम्स सन राइज ऑफ द रीपिंग (The Hunger Games: Sunrise on the Reaping) का बजट 200 मिलियन डॉलर (लगभग 2000 करोड़ रुपये) है. फिल्म का निर्देशन फ्रांसिस लॉरेंस ने किया है. इसे एकदम नए कलाकारों के साथ लाया जा रहा है और गेम एकदम खतरनाक होने वाला है.
3. एवेंजर्स डूम्सडे: एमसीयू का सबसे बड़ा धमाल
18 दिसंबर 2026 को रिलीज हो रही 'एवेंजर्स: डूम्सडे (Avengers: Doomsday)' इस लिस्ट में सबसे आगे है. रूसो ब्रदर्स निर्देशित फिल्म का बजट 450 मिलियन डॉलर (लगभग 4,332 करोड़ रुपये) बताया जा रहा है. रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस हेम्सवर्थ, एंथनी मैकी, सेबेस्टियन स्टेन, लेटिटिया राइट समेत 30 से ज्यादा सुपरहीरो की स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म एमसीयू का अब तक का सबसे महंगा और भव्य प्रोजेक्ट है.
4. ड्यून पार्ट 3: साइंस-फिक्शन का महाकाव्य
18 दिसंबर को रिलीज हो रही ड्यून पार्ट 3 (Dune: Part Three) एवेंजर्स के साथ सीधा मुकाबला करेगी. डेनिस विलेन्यूव निर्देशित ट्रिलॉजी का यह अंतिम अध्याय 200 मिलियन डॉलर (1,926 करोड़ रुपये) के बजट के साथ आ रहा है. टिमोथी शालामे, जेंडाया, फ्लोरेंस प्यू, रॉबर्ट पैटिंसन और जेसन मोमोआ की दमदार कास्ट के साथ यह फिल्म साइंस-फिक्शन जॉनर को अलग ही लेवल पर ले जाने वाली है.
दिसंबर 2026 बॉक्स ऑफिस पर यादगार मुकाबला होने वाला है. एवेंजर्स डूम्सडे और ड्यून पार्ट 3 के क्लैश पर सबकी निगाहें टिकी हैं. क्या मार्वल फिर से रिकॉर्ड बनाएगा या ड्यून की महाकाव्य कहानी बाजी मार लेगी? ये तो समय बताएगा, लेकिन दर्शकों में इन दोनों ही फिल्मों को लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं