हिंदी सिनेमा में कई ऐसे स्टार किड्स आए, जिनसे लोगों को बहुत उम्मीदें थीं. दर्शकों को लगता था कि अपने माता-पिता की तरह वे भी बड़े सितारे बनेंगे, लेकिन हर किसी की किस्मत एक जैसी नहीं होती. आर्य बब्बर भी ऐसे ही कलाकारों में शामिल हैं. मशहूर अभिनेता राज बब्बर के बेटे होने की वजह से उनसे भी लोगों को काफी उम्मीदें थीं. खुद आर्य बब्बर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह अपने पिता की तरह लंबा और मजबूत करियर बनाना चाहते थे, हालांकि बॉलीवुड में उन्हें वह सफलता नहीं मिल सकी, लेकिन आर्य ने हार नहीं मानी और फिल्मों, टीवी, थिएटर, पंजाबी सिनेमा और लेखन जैसी कई जगहों पर खुद को साबित करने की कोशिश की.
फिल्मी परिवार से हैं आर्य बब्बर
आर्य बब्बर का जन्म 24 मई 1981 को मुंबई में हुआ था. उनका बचपन पूरी तरह फिल्मी माहौल में बीता. उनके पिता राज बब्बर हिंदी सिनेमा के बड़े अभिनेता रहे हैं, जबकि उनकी मां नादिरा बब्बर थिएटर की जानी-मानी कलाकार हैं. घर में अभिनय और कला का माहौल था, इसलिए आर्य का झुकाव भी बचपन से एक्टिंग की तरफ हो गया. उनकी बड़ी बहन जूही बब्बर भी अभिनेत्री हैं. वहीं उनके सौतेले भाई प्रतीक बब्बर भी बॉलीवुड अभिनेता हैं.
ये भी पढ़ें- पैसे चाहिए तो बाप है, वरना..." राज बब्बर की बेइज्जती पर आर्या बब्बर का सौतेले भाई प्रतीक पर तीखा हमला
2002 में किया डेब्यू

आर्य बब्बर ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 2002 में फिल्म 'अब के बरस' से की. इस फिल्म में उनके साथ अमृता राव नजर आई थीं. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई. पहली फिल्म फ्लॉप होने के बाद भी उन्हें लगातार काम मिलता रहा. उन्होंने कई फिल्मों में लीड एक्टर और सपोर्टिव एक्टर के तौर पर काम किया, लेकिन उनका करियर उस रफ्तार से आगे नहीं बढ़ पाया जिसकी उम्मीद की जा रही थी.
हिंदी और पंजाबी फिल्मों में किया काम

इसके बाद आर्य बब्बर 'गुरू', 'रेडी' और 'मटरू की बिजली का मंडोला' जैसी फिल्मों में नजर आए. उन्होंने बड़े सितारों के साथ काम किया, लेकिन फिर भी उन्हें इंडस्ट्री में मजबूत पहचान नहीं मिल सकी. धीरे-धीरे बॉलीवुड में उनका सफर कमजोर पड़ने लगा. आर्य बब्बर ने बाद में पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की ओर रुख किया. यहां उन्हें अच्छी-खासी पहचान मिली. उनकी फिल्म 'यार अन्मुल्ले' को दर्शकों ने काफी पसंद किया. पंजाबी फिल्मों में उनकी एक्टिंग को सराहा गया.
विवादों के कारण चर्चा में रहे
फिल्मों के अलावा आर्य ने टीवी की दुनिया में भी काम किया. वह 'बिग बॉस 8' का हिस्सा बने, जहां उनका अलग अंदाज देखने को मिला. हालांकि शो में वह ज्यादा आगे नहीं जा सके, लेकिन कई विवादों की वजह से चर्चा में जरूर रहे. खास तौर पर अभिनेत्री मिनिषा लांबा को लेकर दिए गए उनके बयान काफी सुर्खियों में रहे थे. बाद में उन्हें अपने बयान पर माफी भी मांगनी पड़ी थी. उन्होंने टीवी शो संकटमोचन महाबली हनुमान में रावण का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने पसंद किया. आर्य बब्बर को लिखने का भी काफी शौक है। उन्होंने 'पुष्पक विमान' नाम की कॉमिक बुक लिखी.
ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार का प्रैंक बना आफत, होटल से चोरी करने का एक्ट्रेस पर लगा आरोप, सिक्योरिटी ने पकड़ा तो रोने लगीं
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं