विज्ञापन

नेपाल-चीन सीमा के पास शूटिंग कर रहे एक्टर बाढ़ के बीच फंसे, परिवार ने बताया कैसा है हाल

नेपाल-चीन सीमा के पास फिल्म की शूटिंग के दौरान आई बाढ़ में फंसे अभिनेता ने परिवार को बताया है कि वह सुरक्षित हैं, हालांकि उनके घर लौटने में अभी देरी हो सकती है.

नेपाल-चीन सीमा के पास शूटिंग कर रहे एक्टर बाढ़ के बीच फंसे, परिवार ने बताया कैसा है हाल
नेपाल-चीन सीमा के पास शूटिंग कर रहे अभिनेता बाढ़ के बीच फंसे

बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता खराज मुखर्जी इन दिनों नेपाल में आई भारी बारिश और बाढ़ के बीच फंस गए हैं. वह अपनी एक फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल गए थे लेकिन मौसम खराब होने के कारण शूटिंग का काम प्रभावित हो गया और उनकी वापसी भी तय समय पर नहीं हो पाई. परिवार के मुताबिक, शुरुआत में खराज से संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिसकी वजह से घरवालों की चिंता बढ़ गई थी. हालांकि, बाद में उनसे बात हो गई और उन्होंने परिवार को बताया कि वह सुरक्षित हैं. अब उनके घर लौटने का इंतजार किया जा रहा है.  

खराज के बड़े भाई श्रीराज मुखर्जी ने बताया, ''खराज 20 अगस्त को नेपाल शूटिंग के लिए गए थे. वहां पहुंचने के बाद लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दो-तीन दिनों तक शूटिंग नहीं हो सकी. खराब मौसम ने पूरी शूटिंग की योजना को बिगाड़ दिया और इसी वजह से खराज तय समय पर वापस नहीं आ पाए. कुछ समय के लिए परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पाया था लेकिन बाद में उनसे बात हो गई. उन्होंने परिवार को बताया कि वह बाढ़ की स्थिति के बीच सुरक्षित हैं.'' श्रीराज ने कहा, ''खराज नेपाल के पोखरा से यूपी के गोरखपुर आने की कोशिश करेंगे और वहां से घर लौटेंगे. हमें प्रार्थना करते है कि वह जल्द से जल्द ही कोलकाता पहुंच जाएं.''

खराज की भाभी सास्वती ने भी पूरे घटनाक्रम को लेकर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा, ''खराज 20 अगस्त को शूटिंग के लिए नेपाल गए थे और 23 या 24 अगस्त तक वापस आने का प्लान था लेकिन भारी बारिश की वजह से शूटिंग समय पर पूरी नहीं हो सकी. इसके चलते उनकी वापसी की तारीख भी आगे बढ़ गई. नेपाल में बाढ़ की खबरें सामने आने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है. खराज सुरक्षित हैं लेकिन जब तक वह अपने घर वापस नहीं आ जाते, तब तक परिवार की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं होगी.''

दरअसल, खराज मुखर्जी एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में नेपाल पहुंचे थे. यह शूटिंग नेपाल के रासुवा जिले के एक दूरदराज इलाके में हो रही थी. यह इलाका नेपाल-चीन सीमा के पास स्थित है. शूटिंग के दौरान अचानक भारी बारिश शुरू हो गई. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते कई जगहों पर बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई.

भारी बारिश और बाढ़ की वजह से कई इलाकों में सड़कें और पुल प्रभावित हुए. कुछ रास्तों के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई. ऐसे हालात में शूटिंग रोकनी पड़ी और वहां मौजूद कलाकारों और फिल्म की टीम के लिए वापस लौटना भी आसान नहीं रहा. इसी वजह से खराज की वापसी में भी देरी हुई. खराज के साथ उनकी पत्नी प्रतिभा मुखर्जी भी नेपाल में हैं. परिवार के मुताबिक, दोनों सुरक्षित हैं. इसी फिल्म की शूटिंग में अभिनेता रजताभ दत्ता भी शामिल थे. हालांकि, उनका काम पहले पूरा हो गया था और वह वहां से पहले ही लौट आए. फिल्म का नाम 'शिकार' बताया गया है, जिसमें अभिनेत्री अपू बिस्वास मुख्य भूमिका में नजर आएंगी.

यह भी पढ़ें: 45 साल पुराना वो गाना जब फांसी पर टंगे बाप-बेटा कर रहे थे चने की बात, फिल्म ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, मनोज कुमार-दिलीप कुमार बने देश की आवाज
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kharaj Mukherjee, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com