विज्ञापन

90s का वो हीरो जिसने स्टारडम की दुनिया में बनाई पहचान, 20वें जन्मदिन पर जिंदगी ने दिया ऐसा जख्म, एक ही दिन में खोया पूरा परिवार

90s के इस फेमस हीरो ने स्टारडम देखा, लेकिन निजी जिंदगी का एक खौफनाक दिन वह कभी नहीं भूल पाए. अपने 20वें जन्मदिन पर उन्होंने ऐसा दर्द झेला, जिसने हमेशा के लिए उनकी जिंदगी बदल दी.

90s का वो हीरो जिसने स्टारडम की दुनिया में बनाई पहचान, 20वें जन्मदिन पर जिंदगी ने दिया ऐसा जख्म, एक ही दिन में खोया पूरा परिवार
90s में स्टारडम हासिल करने वाले कमल सदाना की दर्दनाक कहानी

जो लोग 90 के दशक की हिंदी फिल्मों के शौकीन हैं, उन्होंने यकीनन 'बाली उमर को सलाम' फिल्म देखी होगी, जिसमें अभिनेता कमल सदाना मुख्य भूमिका में थे. बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता, निर्माता और निर्देशक कमल सदाना बुधवार को अपना 56वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं. कमल सदाना का जन्म 21 अक्टूबर 1970 को मुंबई के एक कला प्रेमी परिवार में हुआ था. उनके पिता मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक बृज सदाना थे और मां का नाम सईदा खान था, जो कि पेशे से एक अभिनेत्री थी.

कमल ने अपनी पढ़ाई-लिखाई मुंबई से पूरी की. इसके बाद उन्होंने अभिनय और सिनेमा की दुनिया की ओर रुख किया. अपने करियर के शुरुआती दौर में कई फिल्मों में एक्टिंग करने के बाद उनका रुझान फिल्म निर्माण और निर्देशन की तरफ बढ़ा. हालांकि, एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले अपने 20वें जन्मदिन के अवसर पर उनके जीवन में एक ऐसी पारिवारिक त्रासदी आई, जिसने उनके वजूद को हिलाकर रख दिया.

21 अक्टूबर 1990 को कमल के 20वें जन्मदिन की पार्टी के दौरान उनके पिता बृज सदाना ने गुस्से और नशे में अपनी लाइसेंसी बंदूक से उनकी मां और बहन को गोली मार दी. इस दौरान उन्होंने कमल पर भी गोली चलाई थी, जो कि उनकी गर्दन को छूकर निकल गई. इसके बाद उनके पिता ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने उनसे उनके जन्मदिन के अवसर पर ही माता-पिता के साथ बहन को हमेशा के लिए छीन लिया.

कमल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1992 में फिल्म 'बेखुदी' से की, जिसमें उन्होंने काजोल के साथ काम किया. यह कमल और काजोल, दोनों की ही पहली फिल्म थी, जिससे उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. पहली फिल्म से मिली सराहना के बाद अभिनेता ने 1993 में अभिनेत्री दिव्या भारती के साथ फिल्म ‘रंग' की, जो कि सुपरहिट रही. इस फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में एक मजबूत जगह बनाने के साथ बड़ी पहचान दिलाई.

'रंग' से मिली बड़ी सफलता के बाद कमल ने 'बाली उमर को सलाम', 'हम सब चोर हैं', 'सलाम वेंकी' आदि फिल्मों में काम किया. इसके बाद उन्होंने वर्ष 2005 में फिल्म 'कर्कश' के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखा. फिर फिल्म 'विक्टोरिया नंबर 203' का रीमेक डायरेक्ट किया और 2014 में उन्होंने फिल्म 'रोर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन्स' का लेखन और निर्देशन किया.

अभिनेता की निजी जिंदगी की बात करें तो, उन्होंने वर्ष 2000 में मेकअप आर्टिस्ट लिसा जॉन से शादी की थी. इस जोड़े के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं. शादी के लगभग 21 वर्ष बाद दोनों अलग हो गए.

ये भी पढ़ें: वही चेहरा, वही एक्सप्रेशन और भाईजान वाला अंदाज, सलमान खान के हमशक्ल ने दिलाई पुराने दौर की याद, फैंस बोले- जैसे 90s में लौट गया वक्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kamal Sadanah, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com