शादी का माहौल हो, घर में संगीत बज रहा हो और अचानक ये धुन शुरू हो जाए, तो बैठे-बैठे पैर थिरकने लगते हैं. 25 साल पहले आए इस गाने ने कुछ ऐसा ही जादू चलाया था. स्क्रीन पर बॉलीवुड के इतने बड़े सितारे एक साथ आए कि हर किसी की नजर बस उन्हीं पर टिक गई. काजोल की चुलबुली अदाएं, करीना कपूर का स्टाइल, शाहरुख खान और ऋतिक रोशन का डांस और अमिताभ बच्चन-जया बच्चन की मौजूदगी ने इस पूरे गाने को यादगार बना दिया. आज भी इसकी धुन सुनते ही पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं.
25 साल बाद भी नहीं थमा इस गाने का क्रेज
हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम' के सुपरहिट गाने ‘बोले चूड़ियां' की. साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म का ये गाना आते ही लोगों के बीच छा गया था. इसमें अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रोशन और करीना कपूर एक साथ नजर आए थे. इतने बड़े सितारों को एक ही गाने में साथ देखना उस दौर में फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं था.
काजोल की मस्ती और करीना का स्टाइल
गाने में काजोल की चुलबुली अदाएं, करीना कपूर का स्टाइल और दोनों का अपना अलग अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. काजोल जहां अपने मजेदार एक्सप्रेशन और डांस से माहौल में मस्ती भरती नजर आईं, वहीं करीना का लुक और ऋतिक के साथ उनकी जोड़ी ने खूब ध्यान खींचा. करीना का ये लुक आज भी बॉलीवुड के यादगार फैशन लुक्स में गिना जाता है.
अमिताभ-जया ने बना दिया पूरा परिवार
गाने में अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की मौजूदगी ने इसकी चमक और बढ़ा दी. दोनों को परिवार के बाकी सदस्यों के साथ डांस करते देखना दर्शकों को खूब पसंद आया. यही वजह थी कि ये सिर्फ एक डांस नंबर नहीं लगा, बल्कि फिल्म के परिवार और रिश्तों वाली कहानी का हिस्सा भी नजर आया.
आवाजों का ऐसा कॉम्बिनेशन गाना दिल में उतर गया
इस गाने की जान सिर्फ सितारे और डांस नहीं थे. सोनू निगम, अलका याग्निक, उदित नारायण, कविता कृष्णमूर्ति और अमित कुमार ने इसे अपनी आवाज दी थी. गाने का संगीत जतिन-ललित ने तैयार किया था और बोल समीर ने लिखे थे. कई अलग-अलग आवाजों का मेल इसकी सबसे खास बातों में से एक रहा.
25 साल बाद भी शादी में इसकी धूम
रिलीज के 25 साल बाद भी ‘बोले चूड़ियां' की चमक कम नहीं हुई है. शादी हो, संगीत हो या कोई फैमिली पार्टी, इसकी धुन बजते ही लोग खुद को डांस करने से रोक नहीं पाते. यही वजह है कि ये गाना आज भी नई पीढ़ी को उतना ही पसंद आता है, जितना इसे पहली बार सुनने वाले दर्शकों को आया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं