साउथ सिनेमा के चर्चित कपल अभिनेता सूर्या और अभिनेत्री ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह के अवसर पर दोबारा शादी दी की. दोनों ने एक निजी समारोह में फिर से कसमें खाईं. दरअसल, कपल ने दोबारा शादी हिंदू रीति-रिवाजों से नहीं बल्कि, क्रिश्चियन वेडिंग की है. कपल ने 11 सितंबर 2006 को शादी की थी और सितंबर 2026 में अपने 20 साल पूरे किए हैं.
अभिनेत्री ज्योतिका ने समारोह का एक मनमोहक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया. वीडियो में ज्योतिका व्हाइट गाउन में अपने बेटे के साथ 'चर्च' की ओर बढ़ती दिख रही हैं, जबकि उनकी बेटी सूर्या के साथ खड़ी हैं. समारोह के दौरान दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाने की कस्में लीं और भावुक हो गए. वीडियो में उनकी वेडिंग की तस्वीरों का एक मोंटाज भी दिखाया गया है.
ज्योतिका ने सफेद गाउन पहना, जबकि सूर्या सफेद सूट जैकेट और काले पतलून में नजर आ रहे हैं. अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "20 साल के प्यार और तकरार का जश्न, एक बार फिर से ली गई कसमें." उन्होंने आगे लिखा, "यह परफेक्ट शादी का जश्न नहीं है. यह जश्न है खामियों, समझौतों, एक-दूसरे को समझने, कई कुर्बानियों और निस्वार्थ प्यार का. ये जश्न है 'हमारा'. हम एक-दूसरे के लिए जो बन गए हैं, उसका जश्न है".
उन्होंने आगे लिखा, "यह कितना अजीब है कि एक सपना जो हकीकत से बहुत दूर लगता था, आज वही हकीकत है जिसे मैं पूरी जिंदगी जीना चाहती हूं. तो रही मेरी कसमें- मैं खुश रहने की कसम खाती हूं, क्योंकि मैं जिंदगी का सिर्फ अच्छा पहलू देखना चुनती हूं. मैं जिंदगी का जश्न मनाने की कसम खाती हूं, क्योंकि जिंदगी खुद एक हसीन तोहफा है क्योंकि जब आप किसी ऐसे शख्स से प्यार करते हैं, जो आपको खुद से भी ज्यादा सम्मान करें और कभी शिकायत न करें. मैं कभी शिकायत न करने की कसम खाती हूं".
अभिनेत्री ज्योतिका का मानना है कि कोई भी रिश्ता परफेक्ट नहीं होता है और हर चीज अधूरी है. उन्होंने लिखा, "देखो, इस दुनिया में हर चीज अधूरी है. क्योंकि इतना विशाल आसमान भी जमीन को छू नहीं सकता है. ये हम पर निर्भर करता है कि उन खाली जगहों को कैसे भरें. मैं शुक्रगुजार हूं, क्योंकि हर सुबह मैं एक ऐसे शख्स की बाहों में उठती हूं जो मेरी हिफाजत करता है और मेरे प्यारे बच्चों के लिए जिन्होंने मेरी जिंदगी को एक मायने दिया है और मुझे जीने की वजह दी है".
ये Video भी देखें: कौन है वो एक्टर जो करता है सबसे ज्यादा रिहर्सल
अभिनेत्री ने ईटों से बने मकानों का उदाहरण देते हुए समझाने की कोशिश कि कमियां हर जगह होती है और बस उन्हें बीच बीच ठीक करने की जरूरत होती है. उन्होंने लिखा, "मैं सेहतमंद रहने की कसम खाती हूं, क्योंकि यही एकमात्र असली दौलत है जो हम बनाते हैं. सबसे आलीशान ईंटों के घरों में भी कहीं न कहीं रिसाव, दीमक और मरम्मत की जरूरत तो पड़ती ही है. मैं सबसे अच्छी मां बनने की कसम खाती हूं, इसलिए नहीं कि मैं खाना बनाती हूं, सफाई या फिर मदद करती हूं, बल्कि इसलिए कि मैं मुस्कराती हूं. एक ऐसी मुस्कान जो मेरे बच्चों को वो कहानी फिर से जीने पर मजबूर कर दे जो उनके अम्मा-अप्पा ने जी है".
अभिनेत्री ने पति सूर्या के लिए लिखा, "मेरे सूर्या, मैं कसम खाती हूं कि हमेशा वही नासमझ पत्नी बनी रहूंगी, जो लड़ती है और फिर मान जाती है, ताकि हर बार तुम्हारे और करीब आ सकूं. मैं सबसे ज्यादा हमारी दोस्ती को संजो कर रखने की कसम खाती हूं, क्योंकि बड़ी किस्मत से मिलता है अपना बराबर वाला, अपना राजदार, अपना गपशप वाला साथी और अपना बेस्ट फ्रेंड, और वह भी एक ही शख्स में जो आपका पति भी है और आपके बच्चों का पिता भी तो हमारे आने वाले बीस सालों के नाम, अधूरे हम, पर पूरी समझ के साथ".
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं