सनी देओल स्टारर और राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी आने वाली हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म 'बटवारा 1947' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से बिना किसी कट के मंजूरी मिल गई है. यह फिल्म बंटवारे के समय की कहानी है और लाहौर के एक मुस्लिम परिवार के बारे में है जिनका सामना एक ऐसी हिंदू महिला से होता है जो अपना पुश्तैनी घर छोड़ने से इनकार कर देती है. न्यूज एजेंसी ANI के सोर्सेज के मुताबिक फिल्म को बिना किसी कट के CBFC सर्टिफिकेट मिल गया है. सेंसर सर्टिफिकेशन मिलने के बाद राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म अब 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है.
'बटवारा 1947' एक मुहाजिर परिवार पर आधारित है जो बंटवारे के बाद लाहौर आता है और एक खाली पड़े हिंदू घर में रहने लगता है. मशहूर नाटककार असगर वजाहत के नाटक 'जिसने लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ई नई' पर आधारित यह कहानी एक बुजुर्ग हिंदू महिला पर केंद्रित है जो घर छोड़ने से इनकार कर देती है, और मुहाजिर परिवार व उसके बीच पैदा होने वाले मुद्दों को दिखाती है. यह फिल्म मानवीय इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक में उम्मीद की बात करते हुए दो परिवारों के बीच के बंधन को दिखाती है.
'बटवारा 1947' में सनी देओल मुहाजिर परिवार के मुखिया के किरदार में हैं जबकि शबाना आजमी पाकिस्तान में फंसी एक हिंदू महिला का किरदार निभा रही हैं जो अपना पुश्तैनी घर छोड़ने से इनकार कर देती है.
'बटवारा 1947' कब हो रही है रिलीज
'बटवारा 1947' के मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का नया पोस्टर जारी किया और इसकी रिलीज अनाउंस की. पोस्टर पर दी गई जानकारी के मुताबिक ये फिल्म 14 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली है. राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस का सपोर्ट मिला है. सनी और शबाना के अलावा, फिल्म में प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी हैं. 'बंटवारा 1947' प्रीति की लंबे समय बाद फिल्मों में वापसी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं