बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपनी 1993 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘आइना' के 33 साल पूरे होने पर गुरुवार (18 जून) सुबह सोशल मीडिया पर पुरानी यादों को ताजा किया. जैकी श्रॉफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर फिल्म के कई यादगार सीन का एक कोलाज शेयर किया. इसमें उनके साथ जूही चावला और अमृता सिंह नजर आ रही हैं. इस मोंटाज में फिल्म के कई आइकॉनिक सीन शामिल थे और बैकग्राउंड में गीत “मेरी सांसों में” बज रहा था. जैकी ने भले ही इस गाने को याद किया हो लेकिन हमें आइना के नाम पर एक ही गाना याद आता है. ये गाना है 'गोरिया रे गोरिया मेरा दिल चुरा के लेजा...' इस गाने में जैकी श्रॉफ लीड एक्ट्रेस जूही चावला के साथ नजर आ रहे हैं.
10 साल में 14 मिलियन व्यूज
YRF ने अपने यूट्यूब पेज पर साल 2016 में 'गोरिया रे गोरिया' को शेयर किया था. तब से आजतक इस गाने को 14 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. अब जरा इस गाने की तह तक जाएं तो इसके जरिए मुलाकात होती है जॉली मुखर्जी से. फिल्म में भले ही जैकी श्रॉफ और जूही चावला ने रंग जमाया हो लेकिन पर्दे के पीछे इसे सुरों से सजाया था जॉली मुखर्जी और लता मंगेशकर ने. लता जी से तो आप परिचित हैं ही हम आपके मिलवाते हैं जॉली मुखर्जी से.
कौन हैं जॉली मुखर्जी?
जॉली ने बतौर सिंगर अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में फिल्म दयावान के गाने 'दीवानी तुम जवानों की' से की थी. इसके अलावा 1989 में श्रीदेवी-ऋषि कपूर की हिट चांदनी का टाइटल ट्रैक 'चांदनी ओ मेरी चांदनी' फिल्म जॉली ने ही गाया था. इनके अलावा जॉली साथी, साजन, राजू बन गया जेंटलमैन, आईना, बेवफा सनम, जोश, राज (2002) जैसी फिल्मों के लिए भी हिट ट्रैक दे चुके हैं. जॉली ने आखिरी बार साल 2013 में फिल्म सत्या-2 के लिए गाना गाया था. इसके बाद से किसी फिल्म में उनकी आवाज सुनने को नहीं मिली.
अब कहां है जॉली मुखर्जी?
जॉली मुंबई में ही रहते हैं. अब भले उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली हो लेकिन संगीत से उनका नाता अभी भी गहरा. वह परफॉर्मेंस और म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए दुनियाभर में ट्रैवल करते रहते हैं.
कब रिलीज हुई थी आइना?
फिल्म ‘आइना' का डायरेक्शन दीपक सरीन ने किया था और इसे यश चोपड़ा व पामेला चोपड़ा ने यश चोपड़ा के बैनर यश राज फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस किया था. यह फिल्म 18 जून 1993 को रिलीज हुई थी. इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा में जैकी श्रॉफ ने रवि सक्सेना, जूही चावला ने रीमा माथुर और अमृता सिंह ने रोमा माथुर का किरदार निभाया था. फिल्म में दीपक तिजोरी, सईद जाफरी, माया अलघ और दीना पाठक जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे.
यह भी पढ़ें: 'तेरी आख्या का यो काजल' बजते ही नाचने पर मजबूर हुईं सपना चौधरी, किया ऐसा डांस छूट गए डांसर्स के पसीने
कहानी दो बहनों रोमा और रीमा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ही शख्स रवि से प्यार करने लगती हैं. रोमा अपने करियर को चुनकर शादी से ठीक पहले रवि को छोड़ देती है, जिसके बाद रीमा पारिवारिक इज्जत बचाने के लिए उससे शादी कर लेती है. कहानी में तब मोड़ आता है जब रोमा असफल करियर के बाद वापस लौटकर रवि और अपनी पुरानी जिंदगी को फिर से पाने की कोशिश करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं