बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा जल्द ही फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में नजर आने वाले हैं. फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसमें उनके साथ तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं. फिल्म की कहानी बिहार की लोककथाओं, जंगल, रहस्य और आस्था के इर्द-गिर्द बुनी गई है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से उत्सुकता है. खास बात यह है कि इसमें बिहार और पूर्वांचल के प्रमुख पर्व छठ को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है. फिल्म का गाना ‘छठी मैया' रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा. गाने में सिद्धार्थ और तमन्ना पारंपरिक अंदाज में छठ पूजा करते नजर आते हैं और सूर्य देव को अर्घ्य देते दिखाई देते हैं.
2018 में भोजपुरी पर क्या बोले थे सिद्धार्थ?
फिल्म की रिलीज से पहले सिद्धार्थ का करीब आठ साल पुराना वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह मामला साल 2018 का है, जब वह अपनी फिल्म ‘अय्यारी' के प्रमोशन के लिए सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 11' में पहुंचे थे. उनके साथ अभिनेता मनोज बाजपेयी भी मौजूद थे. शो के दौरान मनोज बाजपेयी ने मजाकिया अंदाज में सिद्धार्थ से भोजपुरी में कुछ बोलने को कहा. सिद्धार्थ ने भोजपुरी बोलने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद भाषा को लेकर उनका एक कमेंट विवाद में आ गया. उन्होंने कहा था कि भोजपुरी बोलने पर उन्हें ‘लैट्रिन वाली फीलिंग' आ रही है.
ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?
उनकी इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली थी. भोजपुरी भाषा और उससे जुड़े लोगों की भावनाओं को लेकर सवाल उठे थे. अभिनेत्री नीतू चंद्रा सहित कई लोगों ने भी सिद्धार्थ के बयान पर आपत्ति जताई थी.
विवाद बढ़ा तो सिद्धार्थ ने मांगी थी माफी
मामला बढ़ने के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई देते हुए माफी मांगी थी. उन्होंने कहा था कि एक टीवी शो में उन्होंने दूसरी भाषा बोलने की कोशिश की थी और अगर उनकी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि किसी का अपमान करना उनका इरादा नहीं था.
I recently tried speaking a new language while I was on a TV show. In the process if I inadvertently hurt anyone's feelings or sentiments, I apologise and assure you that no disrespect was meant in any way.
— Sidharth Malhotra (@SidMalhotra) January 22, 2018
अब ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में बिहार की संस्कृति और आस्था को प्रमुखता मिलने के बीच पुराना वीडियो दोबारा सामने आया है. सोशल मीडिया यूजर्स उनके पुराने बयान और नई फिल्म के कनेक्शन पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. ऐसे में फिल्म की रिलीज से पहले सिद्धार्थ का यह पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं