फिल्मी दुनिया के हिट एक्टर्स के पीछे अक्सर कोई न कोई दिलचस्प कहानी जरूर होती है. टीवी, फिल्म और रियलिटी की दुनिया का स्टार बना ये शख्स भी ऐसी ही कहानी के साथ ग्लैमर से भरी दुनिया में पहुंचा था. ऊंचा कद, स्टाइलिश लुक्स और दिल लुभा लेने वाली स्माइल के साथ इसने जिस मीडियम में काम किया. वहां फैन्स का दिल जीत लिया. इस एक्टर की मम्मी को हमेशा लगता था कि उनका बेटा जरूरत से ज्यादा कॉन्फिडेंट है. उसका कॉन्फिडेंस कम करने के लिए उन्होंने मॉडलिंग कॉन्टेस्ट में जाने की सलाह दी और यही उसके लिए लाइफ चेंजिंग मोमेंट साबित हुआ.
मां के एक फैसले ने बदल दी जिंदगी
तस्वीर में दिख रहा ये लंबा सा लड़का है सिद्धार्थ शुक्ला. 12 दिसंबर 1980 को मुंबई में जन्मे सिद्धार्थ ने इंटीरियर डिजाइनिंग में ग्रेजुएशन किया था. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय नौकरी भी की. लेकिन उनकी किस्मत उन्हें ग्लैमर की दुनिया में ले आई. एक इंटरव्यू में सिद्धार्थ ने बताया था कि उनकी मां रीता शुक्ला ने उन्हें मॉडलिंग कॉन्टेस्ट में भेजा था. परिवार को लगा था कि वो हार जाएंगे और थोड़ा सिंसियर हो जाएंगे. लेकिन नतीजा बिल्कुल उल्टा निकला. सिद्धार्थ ने कॉन्टेस्ट जीता और यहीं से मॉडलिंग की दुनिया में उनकी पहचान बनने लगी. साल 2005 में उन्होंने तुर्की में हुए वर्ल्ड बेस्ट मॉडल कॉन्टेस्ट का खिताब अपने नाम कर लिया. ये कामयाबी हासिल करने वाले वो पहले एशियाई मॉडल माने जाते हैं.
मॉडलिंग से टीवी और फिर घर घर तक पहचान
मॉडलिंग में कामयाबी के बाद सिद्धार्थ ने एक्टिंग की ओर रुख किया. साल 2008 में उन्होंने टीवी शो ‘बाबुल का आंगन छूटे ना' से अभिनय की शुरुआत की. हालांकि असली पहचान उन्हें ‘बालिका वधू' में शिवराज शेखर के किरदार से मिली. इस रोल ने उन्हें घर घर में फेमस कर दिया था. इसके बाद उन्होंने ‘दिल से दिल तक', ‘झलक दिखला जा 6' और ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7' जैसे शोज में हिस्सा लिया. साल 2019 में ‘बिग बॉस 13' जीतकर उन्होंने अपनी पॉपुलेरिटी को और ऊंचाई पर पहुंचा दिया. टीवी के अलावा सिद्धार्थ ने फिल्म ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया', वेब सीरीज ‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल 3' और कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया. एक्टिंग के साथ साथ वो फिटनेस के लिए भी जाने जाते थे और युवाओं के बीच एक फिटनेस आइकन के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके थे. 2 सितंबर 2021 को उनका निधन हो गया.
Bigg Boss में फॉरएवर विनर बनकर निकले सिद्धार्थ शुक्ला
हर साल बिग बॉस का नया सीजन आता है और एक नया ही नाम चर्चा में छा जाता है लेकिन बिग बॉस-13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला की जीत के बाद बिग बॉस का सीन ही बदल गया. हर इसके बाद से जितनी भी सीजन आए फैन्स ने कंटेस्टेंट्स में सिद्धार्थ की झलक देखने की कोशिश की और जो उन्हें कॉपी करता देखा गया उसे हाईलाइट भी किया. सिद्धार्थ शुक्ला ने उस सीजन में लड़ाई भी की तो खुल कर और दोस्त भी बनाए तो वो भी दिल से. शहनाज गिल के साथ उनकी बॉन्डिंग कोई कैसे भूल सकता है. शो के दौरान सुबह से लेकर रात तक शहनाज की बातें सुनना और फिर उसे समझाना, उसे गलत बातों पर करेक्ट करना सिड और शहनाज का ये बॉन्ड फैन्स को खबू पसंद किया गया.
यह भी पढ़ें: 20 साल के डायरेक्टर की हॉरर मूवी 3 दिन में कमा गई 1,121 करोड़, अच्छे-अच्छे बाहुबली और धुरंधर चाट रहे धूल
सिद्धार्थ शुक्ला ने शहनाज को दिया था जीत का क्रेडिट
साल 2020 में जनसत्ता से बात करते हुए सिद्धार्थ शुक्ला ने कहा था, मैं अपनी जीत का पूरा क्रेडिट शहनाज गिल को देता हूं. मैंने उसकी जैसी लड़की कहीं नहीं देखी. वह बहुत बड़ी एंटरटेनर है. मैं सोचता हूं कि अगर वो ना होती तो मेरा क्या होता. मैं उसके उतना ही करीब हूं जितना कि अपनी मां, बहन और भांजी के हूं. उन्होंने कहा, वह मुझसे बहुत प्यार करती है. वह मेरे लिए बहुत स्पेशल है लेकिन किसी रिश्ते या शादी के बारे में बात करना अभी बहुत जल्दबाजी होगी.अभी मैं सिर्फ इतना ही कह सकता हूं कि बिग बॉस के घर में उसके साथ बहुत अच्छा समय बिताया. हमारी शो के अलावा कई बातें हुईं. हम अपनी पर्सनल बातें भी डिस्कस किया करते थे.
सिद्धार्थ शुक्ला का निधन
सिद्धार्थ शुक्ला ने 2 सितंबर 2021 को आखिरी सांस ली. उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ था. उनके निधन ने अचानक एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक शोक की लहर ला दी थी. सिद्धार्थ उन दिनों अपने बिग बॉस का फेम इंजॉय कर रहे थे और फैन्स उन्हें अलग-अलग शो और फिल्मों में देखने की उम्मीद कर रहे थे.
यह भी पढ़ें: पावर, पॉलिटिक्स और अधूरी मोहब्बत का खेल, 'ठुकरा के मेरा प्यार' सीजन 2 ट्रेलर रिलीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं