बॉलीवुड की कुछ प्रेम कहानियां वक्त के साथ पुरानी नहीं होतीं बल्कि और भी दिलचस्प लगने लगती हैं. दिलीप कुमार और मधुबाला की कहानी भी ऐसी ही है. पर्दे पर दोनों को साथ देखकर फैंस उनकी जोड़ी के दीवाने हो जाते थे जबकि असल जिंदगी में भी उनकी मोहब्बत किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी. हर कोई यही मानता था कि ये रिश्ता शादी तक जरूर पहुंचेगा. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. अब सालों बाद मुमताज ने इस अधूरी प्रेम कहानी को लेकर ऐसी बात बताई है जिसने एक बार फिर लोगों को हैरान कर दिया है.
जब मधुबाला ने मुमताज से कही दिल की बात
मुमताज ने विक्की लालवानी के साथ बातचीत में बताया कि मधुबाला अक्सर अपनी निजी बातें उनसे साझा करती थीं. उन्होंने कहा कि मधुबाला दिलीप कुमार से बेइंतहा प्यार करती थीं और उन्हें ही अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा प्यार मानती थीं. लेकिन उस प्यार के रास्ते में उनकी खराब सेहत सबसे बड़ी दीवार बन गई. बताया जाता है कि दिल की बीमारी से जूझ रहीं मधुबाला को डॉक्टरों ने साफ कह दिया था कि मां बनना उनके लिए खतरे से खाली नहीं होगा.
दिलीप कुमार का सपना था अपना परिवार
मुमताज के मुताबिक, जब दिलीप कुमार को इस बात का पता चला तो वो काफी परेशान हो गए थे. उन्होंने कहा कि हर इंसान की तरह उनकी भी ख्वाहिश थी कि उनका अपना परिवार हो और बच्चे हों. मुमताज ने यहां तक कहा कि वो दिलीप कुमार को इस बात के लिए गलत नहीं मानतीं, क्योंकि उनकी जगह कोई भी होता तो शायद यही सोचता. यही वजह थी कि दोनों के रिश्ते में धीरे-धीरे दूरियां बढ़ने लगीं.
फिल्म के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
दिलीप कुमार और मधुबाला की प्रेम कहानी फिल्म 'तराना' के सेट से शुरू हुई थी. दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और देखते ही देखते ये जोड़ी बॉलीवुड की सबसे चर्चित जोड़ियों में शामिल हो गई. उस दौर में फैंस को पूरा भरोसा था कि दोनों जल्द शादी के बंधन में बंध जाएंगे. उनकी केमिस्ट्री सिर्फ फिल्मों तक नहीं थी, बल्कि असल जिंदगी में भी साफ नजर आती थी.
प्यार था, लेकिन किस्मत साथ नहीं दे सकी
रिश्ते में आई मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. बाद में कुछ पारिवारिक विवाद और कानूनी मामलों ने भी दोनों के बीच दूरी बढ़ा दी. कहा जाता है कि एक मामले में दिलीप कुमार द्वारा अदालत में दिए गए बयान से मधुबाला काफी दुखी हो गई थीं. इसके बाद ये रिश्ता संभल नहीं पाया. प्यार दोनों तरफ था, लेकिन हालात ऐसे बने कि हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत प्रेम कहानियों में से एक कहानी अधूरी रह गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं