विज्ञापन

जब रिकॉर्डिंग छोड़ मधुबाला को देखती रह गई थीं आशा भोसले, श्रेया घोषाल ने सुनाया इस सुपरहिट गाने से जुड़ा किस्सा

हिंदी सिनेमा में पुराने दौर के गाने, कलाकार और उनकी कहानियां आज भी लोगों को काफी पसंद आती हैं. ऐसे ही कई यादगार किस्सों को लेकर रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' का आने वाला एपिसोड बेहद खास होने वाला है.

जब रिकॉर्डिंग छोड़ मधुबाला को देखती रह गई थीं आशा भोसले, श्रेया घोषाल ने सुनाया इस सुपरहिट गाने से जुड़ा किस्सा
आशा भोसले भी थीं मधुबाला की फैन

हिंदी सिनेमा में पुराने दौर के गाने, कलाकार और उनकी कहानियां आज भी लोगों को काफी पसंद आती हैं. ऐसे ही कई यादगार किस्सों को लेकर रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' का आने वाला एपिसोड बेहद खास होने वाला है. इस एपिसोड में दिग्गज गायिका आशा भोसले को याद किया जाएगा. इसी दौरान गायिका श्रेया घोषाल ने एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने बताया कि मशहूर अभिनेत्री मधुबाला और गायक-अभिनेता किशोर कुमार की प्रेम कहानी की शुरुआत में भी कहीं न कहीं आशा भोसले का खास संबंध था.

शो में कंटेस्टेंट चैतन्य देवड़े और ज्योतिर्मयी नायक ने मशहूर गाना 'हाल कैसा है जनाब का' पर परफॉर्म किया. इस दौरान श्रेया घोषाल ने इस गीत से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने कहा, 'मैंने कई जगह पढ़ा और सुना है कि इसी गाने की शूटिंग के दौरान मधुबाला और किशोर कुमार एक-दूसरे के करीब आए थे. अगर ऐसा है, तो इस प्रेम कहानी के पीछे आशा भोसले का अहम योगदान है.''

इसके बाद शो के होस्ट आदित्य नारायण ने भी एक मजेदार किस्सा सुनाया. उन्होंने कहा, ''एक रिकॉर्डिंग के दौरान मधुबाला इतनी खूबसूरत लग रही थीं कि उन्हें देखकर खुद आशा भोसले कुछ देर के लिए गाना भूल गई थीं. आशा जी बस लगातार मधुबाला को देखती रह गईं. मुझे लगता है कि अगर वह लड़का होतीं, तो मधुबाला से प्यार कर बैठतीं.'' यह किस्सा सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े.

कंटेस्टेंट्स की परफॉर्मेंस पर श्रेया घोषाल ने पुराने दौर के डुएट गानों की खूबसूरती पर भी बात की. उन्होंने कहा, ''किसी भी डुएट गाने की सबसे बड़ी ताकत उसकी केमिस्ट्री होती है. अगर दो आवाजों के बीच सही तालमेल और भावनाएं न हों, तो गाना लोगों के दिल तक नहीं पहुंच पाता. 'हाल कैसा है जनाब का' में आशा भोसले और किशोर कुमार की आवाजों के बीच जो तालमेल था, वह आज भी लोगों को खास महसूस होता है.''

उन्होंने कहा, ''जब मैं यह गाना सुनती हूं तो मुझे उसमें सिर्फ मधुबाला की झलक दिखाई देती है. आशा भोसले ने इस गाने को बिल्कुल उसी अंदाज में गाया था, जैसे मधुबाला पर्दे पर अभिनय कर रही थीं.'' श्रेया घोषाल ने आगे आशा भोसले की गायकी की तारीफ करते हुए कहा, ''उनकी आवाज में सुर के अलावा अभिनय और भावनाएं भी होती थीं. वह गाने में जान डाल देती थीं. वह हर शब्द को इतनी खूबसूरती से गाती थीं कि गाना सुनते ही कलाकार का चेहरा आंखों के सामने आ जाता था.''

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com