श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईथा' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. फिल्म का टीजर निकलने के बाद श्रद्धा की लावणी आर्टिस्ट विठाबाई नारायणगांवकर के रोल में ट्रांसफॉर्मेशन को लोगों ने खूब सराहा. लेकिन अब 'ईथा' के टाइटल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर पर आधारित है. वे लावणी और तमाशा की दिग्गज कलाकार थीं और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर चुकी थीं. ग्रामीण इलाकों में उन्हें प्यार से 'ईथा' या 'विठा' भी कहा जाता था. लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि फिल्म का नाम उनकी असली पहचान 'विठाबाई' के बजाय 'ईथा' क्यों रखा गया.
ये भी पढ़ें: उर्फी जावेद ने अपनाया हिंदू धर्म और बदला नाम? एक्ट्रेस ने अब मामले पर दिया रिएक्शन
एनसीपी ने दिया नाम बदलने का सुझाव
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) महाराष्ट्र की फिल्म एंड कलर्च डिपार्टमेंट ने फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स को चिट्ठी लिखकर टाइटल बदलने की अपील की है. डिपार्टमेंट के राज्य अध्यक्ष बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर हैं. उनका नाम फिल्म के टाइटल में होना चाहिए.
बाबासाहेब पाटिल ने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया, 'ग्रामीण इलाकों में उन्हें 'ईथा' कहकर पुकारा जाता था, लेकिन उनका असली और मान्यता प्राप्त नाम विठाबाई नारायणगांवकर है. यह फिल्म बड़े स्केल पर बन रही है. श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर जैसे नाम हैं. पूरे देश और दुनिया में लोग इसे देखेंगे. इसलिए उनका सही नाम इस्तेमाल होना चाहिए ताकि नई पीढ़ी उन्हें सही तरीके से जान सके." बाबासाहेब पाटिल ने आगे कहा कि 'विठाबाई' सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की लावणी-तमाशा परंपरा का प्रतीक है. नाम बदलकर 'विठा' या 'विठाबाई' रखा जाए तो कलाकार को सही सम्मान मिलेगा.
विठाबाई के परिवार का रुख
विठाबाई नारायणगांवकर तमाशा मंडल के मालिक और विठाबाई के पोते मोहित नारायणगांवकर ने भी साफ किया कि परिवार फिल्म का विरोध नहीं कर रहा. वे फिल्म का स्वागत करते हैं. लेकिन उनका एक ही अनुरोध है कि टाइटल में दादी का सही नाम हो. मोहित ने बताया कि जब प्रोजेक्ट की घोषणा हुई थी तब लक्ष्मण उतेकर ने उन्हें फोन किया था. उन्होंने कहा था कि फिल्म लावणी और तमाशा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी. लेकिन उसके बाद परिवार से कोई मुलाकात नहीं हुई. मोहित कहते हैं, 'हम इंतजार कर रहे हैं. अगर अगले कुछ दिनों में बात नहीं बनी तो आगे सोचेंगे.' परिवार का कहना है कि विठाबाई पूरे करियर में 'विठाबाई नारायणगांवकर' के नाम से जानी जाती थीं. टीजर में श्रद्धा का लुक देखकर वे खुश हैं.
अभी तक कोई जवाब नहीं
एनसीपी ने पत्र लिखने के अलावा व्हाट्सएप के जरिए भी निर्देशक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है. बाबासाहेब पाटिल का कहना है कि वे सुन रहे हैं कि मेकर्स नाम को लेकर कोई रजिस्टर्ड इश्यू सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं. फिल्म 'ईथा' में श्रद्धा कपूर विठाबाई के जीवन को स्क्रीन पर उतार रही हैं. टीजर में गर्भवती अवस्था में भी परफॉर्मेंस का सीन देखकर दर्शक हैरान रह गए थे. फिल्म लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित है और मैडॉक फिल्म्स प्रोड्यूस कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं