सोनू निगम की सुरीली आवाज का हर कोई दीवाना है. वहीं उनकी यही आवाज सुनने को लाइव मिल जाए तो हर कोई फैन हो जाता है. इसी बीच सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की, जिसे देख फैंस को चिंता तो हुई. लेकिन उनकी आवाज ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया. वीडियो में वह अस्पताल में सर्जरी करवाते हुए नजर आ रहे हैं. जबकि वह एक 77 साल पुराना गाना भी गाते दिख रहे हैं. इस वीडियो ने फैंस का दिल जीत लिया है.
सर्जरी करवाते हुए सोनू निगम ने गाया गाना
इंस्टाग्राम पर सोनू निगम ने वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अस्पताल के सर्जरी टेबल पर लेटे हुए हैं. जबकि डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं. इस दौरान सिंगर 70 साल पुराना गाना सुहानी रात ढल चुकी गाते हुए नजर आ रहे हैं. यह गाना 1949 में आई फिल्म दुलारी का है, जिसमें मधुबाला लीड रोल में थी. वहीं मोहम्मद रफी ने गाने को आवाज दी थी.
ये भी पढ़ें- सोनू निगम ने पहली बार गाया हिंदी-हरियाणवी गाना, यूट्यूब पर आते ही बना ट्रेडिंग, 12 घंटे में 1 मिलियन से ज्यादा व्यूज
सोनू निगम की आवाज के फैन हुए फैंस
वीडियो के साथ सिंगर ने कैप्शन में लिखा, मेरी सर्जरी के दौरान प्यारे डॉक्टर निलेश सतभाई और उनकी प्यारी टीम के लिए एक अचानक किया गया परफॉर्मेंस. दर्द के बीच गाना... संगीत की खुशी! इस वीडियो पर फैंस ने हार्ट इमोजी शेयर की है. एक यूजर ने लिखा, ऑपरेशन के बीच सुरीली आवाज़ होना बहुत जरूरी है. दूसरे यूजर ने लिखा, खुशनसीब डॉक्टर्स. तीसरे यूजर ने लिखा, डॉक्टर लोग नसीब वाले हैं लाइव गाना सुनने का मौका मिला. वहीं फैंस ने सिंगर की बीमारी के बारे में भी पूछा और उनके जल्द अच्छे होने की कामना की है.
सोनू निगम के नए गाने की है चर्चा
सोनू निगम का हाल ही में नया गाना चर्चा में है. यह हिंदी हरियाणवी सॉन्ग चुन्नी है. इसे यूट्यूब पर खूब प्यार मिल रहा है. वहीं फैंस खूब प्यार बरसा रहे हैं. गौरतलब है कि सोनू निगम 90 के दशक का जाना माना नाम हैं, जिन्होंने कई हिट गाने गाए और फैंस के दिलों पर राज किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं