बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 के दौरान 26/11 मुंबई आतंकी हमले की सबसे कम उम्र की जीवित गवाहों में शामिल देविका रोटावन से खास बातचीत की. इस दौरान अभिनेता ने देविका से उस हिम्मत के बारे में पूछा, जिसकी बदौलत उन्होंने महज 9 साल की उम्र में आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ अदालत में गवाही दी थी. शाहरुख ने उनसे जानना चाहा कि इतनी छोटी उम्र में उन्होंने किस तरह खुद को संभाला और सबके सामने सच बोलने का साहस जुटाया. बातचीत के दौरान शाहरुख ने देविका से पूछा, ''9 साल की उम्र में, इतनी छोटी उम्र में आपको गवाही देने के लिए अदालत बुलाया गया और आपने गवाही भी दी. मैं व्यक्तिगत तौर पर जानना चाहता हूं कि उस उम्र में आपके अंदर इतनी हिम्मत कहां से आई कि आप अदालत गईं और सबके सामने गवाही दीं? आपकी कहानी से हमें भी हिम्मत मिलेगी.''
9 साल की उम्र दी गवाही
इस सवाल के जवाब में देविका ने उस समय को याद किया, जब अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने परिवार के साथ राजस्थान स्थित गांव लौट गई थीं. कुछ समय बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की ओर से उनके परिवार को फोन आया और अदालत में आकर गवाही देने के लिए कहा गया. देविका ने बताया कि उनके पिता ने दोनों आतंकियों को देखा था, जबकि उन्होंने अजमल कसाब को अपनी आंखों से देखा था. ऐसे में परिवार ने अदालत में गवाही देने के लिए हामी भर दी.
देविका ने कहा, ''जब मुझे अस्पताल से छुट्टी मिली तो मैं राजस्थान के अपने गांव चली गई थी. कुछ समय बाद मुंबई क्राइम ब्रांच से फोन आया। उन्होंने पूछा कि क्या आप अदालत आकर गवाही देंगी? हमने कहा कि हम तैयार हैं. मेरे पिता ने दोनों आतंकियों को देखा था और मैंने कसाब को देखा था.''
देविका ने अपनी हिम्मत का श्रेय पिता को दिया. उन्होंने कहा, ''मुझे यह हिम्मत अपने पिता से मिली. मेरे पिता हमेशा कहते थे कि सच के रास्ते में कहीं न कहीं मुश्किलें जरूर आएंगी, लेकिन आपको उनका बहादुरी से सामना करना होगा. फैसला हमेशा आपके हाथ में होता है कि आप किसी के सामने सीधे मरना चाहती हो या लड़ते हुए मरना चाहती हो. इसलिए यह फैसला हमें खुद करना होता है.''
देविका ने कहा, ''मेरे पिता भारतीय सेना, नौसेना और पुलिस के जवानों की बहादुरी से भी प्रेरणा लेते थे. वह अक्सर मुझे जवानों और मुंबई पुलिस के अधिकारियों के साहस के किस्से सुनाया करते थे. इन बातों ने भी मेरे अंदर मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने का हौसला पैदा किया.''
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर दिया था. भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने मुंबई की कई प्रमुख जगहों को निशाना बनाकर एक के बाद एक हमले किए थे. इस हमले में अजमल कसाब एकमात्र ऐसा आतंकी था, जिसे जिंदा पकड़ा गया था. बाद में देविका रोटावन ने उसके खिलाफ अदालत में गवाही दी थी. वह इस मामले की अहम गवाहों में शामिल रहीं. 21 नवंबर को आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 में देविका रोटावन को उनके साहस और हौसले के लिए सम्मानित किया गया.
ये भी पढ़ें- अमरिंदर गिल का 15 साल पुराना पंजाबी गाना, नेगेटिव कमेंट देख सिंगर हुए थे हताश, अगले ही बन गया सुपरहिट
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं